Advertisement

लापरवाही या अपराध? शटडाउन के बाद भी दौड़ा 11 हजार वोल्ट का करंट, लाइनमैन की दर्दनाक मौत

  • सांसद कालीचरण सिंह ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
  • मृतक के आश्रितों को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने के लिए बिजली विभाग व सरकार से की अपील

​मेदिनीनगर (पलामू)  तरहसी प्रखंड क्षेत्र के सेलारी पंचायत स्थित सुखरो टोला में विद्युत कार्य के दौरान घटी दर्दनाक घटना ने अब राजनीतिक और सामाजिक रूप से तूल पकड़ लिया है। विधिवत शटडाउन लेने के बावजूद 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में अचानक बिजली आपूर्ति बहाल होने से लाइनमैन सतेन्द्र मेहता की झुलसकर मौत हो गई थी। इस दुखद हादसे के बाद शनिवार को चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह मृतक के पैतृक गांव परसावा पहुंचे। वहाँ उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहायता व न्याय दिलाने का मजबूत भरोसा दिया।

“यह सामान्य लापरवाही नहीं, गंभीर अपराध है”

​परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सांसद कालीचरण सिंह ने कहा, “यह घटना बेहद हृदयविदारक और दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि जांच में यह बात साबित होती है कि लाइनमैन द्वारा नियमानुसार शटडाउन लेने के बावजूद पावर सप्लाई चालू की गई, तो इसे महज एक हादसा नहीं माना जा सकता। यह सीधे तौर पर एक गंभीर अपराध है।”

​उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कर्तव्य पथ पर तैनात किसी कर्मचारी की सुरक्षा मानकों का पालन करने के बाद भी जान चली जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी को अपनी जान न गंवानी पड़े।

मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, जिला प्रतिनिधि ललित मेहता, सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह,मंडल अध्यक्ष परमेश्वर साहू,शंभू प्रसाद,संतु राम,नौवगढ़ पंचायत के मुखिया विजय शंकर पांडेय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे। सभी ने मृतक के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!