मेदिनीनगर, पलामू : पांकी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब बनाने और बेचने के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने ताला बंद दुकान से 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, 250 लीटर स्पिरिट, नामी ब्रांडों के रैपर तथा झारखंड सरकार के लोगो लगे फर्जी स्टिकर समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक (पलामू) को 22 जुलाई 2026 को शाम करीब 3:30 बजे गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम जिरो टोला बाघमरी स्थित लाला सिंह की दुकान में अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब का उत्पादन और उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) लेसलीगंज, प्रशांत कुमार 2 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
ताला तोड़कर हुई बरामदगी
जब पुलिस टीम जिरो टोला बाघमरी स्थित लाला सिंह की दुकान पर पहुंची, तो दुकान बाहर से ताला बंद पाई गई। पुलिस ने जब विधिवत तलाशी ली और दुकान को खोला, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी हैरान रह गए। दुकान के अंदर नकली शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग का पूरा सेटअप तैयार था।
छापेमारी में जब्त सामानों की सूची:
- अवैध शराब: 13 पेटी तैयार अवैध अंग्रेजी शराब।
- कच्चा माल (स्पिरिट): 05 गैलन में कुल 250 लीटर स्पिरिट (जिससे शराब बनाई जाती थी)।
- खाली बोतलें: 1,530 पीस खाली शीशे की बोतलें।
- ब्रांडेड कंपनियों के रैपर: काफी मात्रा में स्टर्लिंग रिजर्व, मास्टर ब्लेंडिंग सिग्नेचर व्हिस्की, रॉयल स्टैग व्हिस्की जैसी नामी कंपनियों के नकली रैपर।
- फर्जी सरकारी स्टिकर: 1,940 पीस झारखंड सरकार के लोगो लगे हुए नकली स्टिकर।
- रंग (कलरिंग एजेंट): शराब को रंगीन बनाने के लिए चॉकलेट ब्राउन रंग का प्लास्टिक में बंद लाल रंग का पदार्थ।
कानूनी कार्रवाई एवं मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है। इस संबंध में पांकी थाना मे केश दर्ज किया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271, 272, 274, 341(3), 349, 340, 350 तथा झारखंड उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2015 की धारा 47(a)/52/55 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुकान मालिक लाला सिंह एवं इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी व जवान
इस सफल कार्रवाई में निम्नलिखित पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे:
प्रशांत कुमार (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेसलीगंज – पांकी, पलामू) दीपक कुमार सिंह (पुलिस अवर निरीक्षक – सह – थाना प्रभारी, पांकी) नवल किशोर दुबे (सहायक अवर निरीक्षक), राजेश वरवा, विकेश गोस्वामी, संतोष लाल,सुधीर कुमार













Leave a Reply