Advertisement

Young woman did not fire at a bike-borne man chasing her; AI video goes viral.

विश्वास न्यूज की जांच में एक मनचले युवक पर युवती के पिस्तौल से गोली चलाने वाला वीडियो एआई से बना हुआ साबित हुआ। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें एक मुस्लिम युवती को बाइक सवार एक युवक पर पिस्तौल से गोलियां दागते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि एक मनचला बाइक से एक युवती का पीछा करता है और परेशान होकर वह महिला पिस्तौल निकालकर गोलियां चला देती है।

इस घटना को असली मानकर कई यूजर्स वीडियो को शेयर कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल वीडियो की जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। इस वीडियो को एआई की मदद से तैयार करके झूठे दावे के साथ वायरल किया गया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘मनीष शर्मा’ ने 30 जून 2026 को एक वीडियो अपलोड करते हुए लिखा, “मनचले को भारी पड़ी सरेराह छेड़खानी: सड़क पर अकेली चल रही महिला को बार-बार कर रहा था परेशान, महिला ने पिस्टल निकाल हवा में दाग दी गोली; दुम दबाकर भागा…।” वीडियो के ऊपर “नारी शक्ति का रौद्र रूप: छेड़खानी करने वाले के उड़ाए होश” लिखा हुआ है।

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के आधार पर कुछ कीवर्ड बनाए। फिर उन्हें गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से सर्च किया। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जिसमें किसी युवती ने किसी मनचले पर सरेआम बंदूक तानी हो। यदि ऐसा हुआ होता, तो वह कहीं न कहीं खबरों में जरूर आता।

जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो के कई ग्रैब्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल की मदद से खोजा गया। हमें यह वीडियो सोशल मीडिया के अलावा कहीं नहीं मिला। सबसे पहले इस वीडियो को एक इंस्टाग्राम हैंडल ने 27 जून 2026 को अपलोड किया था। ‘viral_mix_daily’ नाम के इस यूजर के हैंडल पर हमें कई एआई वीडियो मिले, जो वायरल वीडियो की तरह ही थे।

सर्च के दौरान यही वीडियो हमें ‘वाइल्ड क्लिप्स’ नाम के एक वेरिफाइड एक्स हैंडल पर भी मिला। इसे 28 जून 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ बताया गया है कि यह एआई की मदद से तैयार किया गया है।

इसके आधार पर वायरल वीडियो को हमने डीपफेक डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया। सबसे पहले इस वीडियो को ‘हाइव मॉडरेशन’ की मदद से एनालाइज किया गया और इस एनालिसिस में वीडियो के 79 फीसदी एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि हुई । इस एनालिसिस के मुताबिक, इस वीडियो को ‘सीडेंस2’ मॉडल की मदद से बनाए जाने की संभावना अधिक है, जो एआई वीडियो जेनरेट करने वाला एक टूल है।

इसी तरह ‘यूबी मीडिया फोरेंसिक लैब’ के ‘डीपफेक-ओ-मीटर’ के नौ डिटेक्टर्स में से छह ने इसके एआई होने की सर्वाधिक संभावना की पुष्टि की। ‘AVSRDD’ (2025) डिटेक्टर ने 100 फीसदी, ‘DSP-FWA’ डिटेक्टर ने 100 फीसदी, ‘TALL’ डिटेक्टर ने 95.7 फीसदी, ‘WAV2LIP-STA’ ने 83 फीसदी, ‘XCLIP’ ने 75.6 फीसदी और ‘AltFreezing’ डिटेक्टर ने 82.5 फीसदी एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि की।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ कई अन्य डिटेक्शन टूल्स के एनालिसिस शेयर किए। इनमें ‘साइट इंजन’ की एनालिसिस ने 78 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने के संकेत दिए।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वीडियो को ध्यान से देखा जाए तो यह एआई से बना हुआ लगता है, क्योंकि शुरुआत में बाइक सवार का एक पैर अचानक गायब होकर फिर दिखने लगता है। इसी तरह वीडियो में मौजूद सभी बाइक का रंग एक ही है, जो कि एआई वीडियो में सामान्य सी बात है। इस तरह की विसंगतियां एआई-जेनरेटेड कंटेंट में सामान्य रूप से दिखती हैं।

क्या है संदर्भ?

देश में महिलाओं के साथ अपराध की खबरें हर दिन खबरों में आती रहती हैं। अमर उजाला की 30 जून 2026 की एक खबर में बताया गया कि यूपी के हापुड़ में एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक युवती को तेजाब पिला दिया।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में एक मनचले युवक पर युवती के पिस्तौल से गोली चलाने वाला वीडियो एआई से बना हुआ साबित हुआ। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हमारी जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई।


  • Claim Review : युवती ने मनचले युवक पर गोलियां चलाईं
  • Claimed By : IG User UP Say
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!