Advertisement

खनिज कानून में संशोधन के विरोध में उतरा झामुमो: प्रखंड मुख्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

 

 

नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू): केंद्र सरकार द्वारा खान एवं खनिज कानून (MMDR Act) में किए गए संशोधनों के विरोध में शनिवार को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। झामुमो की नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड इकाई के तत्वावधान में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ उग्र नारेबाजी करते हुए संशोधनों को तत्काल निरस्त करने की पुरजोर मांग की।

झारखंड के हितों पर सीधा हमला: वक्ता

धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष नवलेश मेहता ने की, जबकि मंच संचालन रमेश कुशवाहा द्वारा किया गया। धरना स्थल पर उपस्थित झामुमो नेताओं और वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों पर कुठाराघात करने का गंभीर आरोप लगाया। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि झारखंड देश का सबसे समृद्ध खनिज संपदा वाला राज्य है, और कानूनों में जबरन बदलाव कर राज्य के राजस्व तथा अधिकारों को छीनने की साजिश रची जा रही है।

मंईयां सम्मान योजना और कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा असर

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वरिष्ठ झामुमो नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जनविरोधी एमएमडीआर कानून को वापस नहीं लिया, तो इसका सीधा असर राज्य के वित्तीय संसाधनों पर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि राजस्व में कमी आने से राज्य सरकार द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ सहित अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं।

झारखंड को ‘मजदूर सप्लायर राज्य’ बनाने की साजिश: सन्नी शुक्ला

वहीं पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “पूरे देश का लगभग 35 प्रतिशत खनिज अकेले झारखंड की धरती में निहित है। इसके बावजूद केंद्र सरकार यहां के प्राकृतिक संसाधनों का बेधड़क दोहन कर रही है। केंद्र की नीति झारखंड के खनिजों से अपने पूंजीपति मित्रों को अमीर बनाने और इस राज्य को महज ‘मजदूर सप्लायर राज्य’ बनाकर छोड़ने की है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।”

बड़ी संख्या में उपस्थित रहे नेता व कार्यकर्ता

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार से नए प्रावधानों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई। मौके पर पूर्व युवा मोर्चा सचिव आशुतोष विनायक, शिवशंकर पासवान, सुनील सिंह, मंगल किशोर पासवान, ओमप्रकाश प्रजापति, प्रखंड सचिव मुस्ताक अहमद, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, संगठन सचिव कुलदीप यादव, तेरस पासवान, यमुना सिंह, महेंद्र मेहता, संजय राम तथा आशीष चंद्रवंशी सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!