Advertisement

पीएम मोदी ने अपने पिता को लेकर नहीं दिया वायरल बयान, दैनिक जागरण का FAKE पोस्टकार्ड वायरल-PM Modi Did Not Make Statement About His Father False Dainik Jagran Postcard Goes Viral

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिता को लेकर वायरल बयान नहीं दिया है। जागरण डॉट कॉम के पोस्टकार्ड को एडिट करके गलत दावा किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर एक पोस्टकार्ड वायरल हो रहा है। इसमें ‘जागरण डॉट कॉम’ के लोगो और पीएम की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वायरल बयान पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दिया है। पोस्टकार्ड में पीएम मोदी का अपने पिता के बारे में बयान दिखाया गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। पीएम मोदी ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल पोस्टकार्ड फेक है। ‘जागरण डॉट कॉम’ के सोशल मीडिया टेम्पलेट को एडिट कर पीएम मोदी के नाम पर फर्जी बयान जोड़कर वायरल किया गया है।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Pandit Manoj Sharma’ ने 22 जून 2026 को एक पोस्टकार्ड शेयर करते हुए लिखा, “लो अब और लम्बी झेलो अंधभक्तों पूरी ताकत से लपेटना।”

इसमें पीएम मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए लिखा है, “मेरे पिताजी बहुत बड़े क्रांतिकारी थे। वो सुभाष चंद्र बोस की सेना में थे वो सुभाष चंद्र बोस के लिए अंग्रेजों के खिलाफ जासूसी करते थे अंग्रेजों ने उनके ऊपर 11 सौ डॉलर का इनाम भी रखा था पिताजी ने गांधी जी के कहने पर खुद को अंग्रेजों के सामने सरेंडर कर दिया था और वो गांधी वादी बन गएं।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्टकार्ड को जब गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया, तो हमें ‘दैनिक जागरण’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर असली पोस्ट मिली। इसे 14 जून 2026 को पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल पोस्ट जैसा कोई बयान नहीं था।

असली बयान में पीएम मोदी की तस्वीर का इस्तेमाल करते हुए लिखा गया, “आज 21वीं सदी का भारत बदलाव के एक बहुत बड़े दौर से गुजर रहा है। आज भारत में एक स्टार्टअप रिवॉल्यूशन हो रहा है। इस रिवॉल्यूशन में भारत का नौजवान एक नए मानसिकता के साथ मानवता के हित में समस्याओं के समाधान ढूंढ रहा है।”

जागरण की इंस्टाग्राम पोस्ट के अनुसार, पीएम मोदी ने यह बात फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ के लॉन्च कार्यक्रम में कही थी।

फर्जी पोस्ट और असली पोस्ट के तुलनात्मक अध्ययन से पता चला कि पीएम मोदी के असली बयान को बदलकर फर्जी बयान और मन की बात कार्यक्रम का जिक्र किया गया है। बाकी सब एक जैसा है।

सर्च के दौरान हमें ‘लाइव हिंदुस्तान’ की एक खबर मिली। इसे 14 जून 2026 को पब्लिश किया गया था। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ के लॉन्च कार्यक्रम में भाग लिया।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए यह जानने का प्रयास किया कि क्या पीएम मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में हाल-फिलहाल में सुभाष चंद्र बोस की उपलब्धि का जिक्र किया है? हमें मन की बात के हालिया एपिसोड में ऐसा कुछ नहीं मिला, लेकिन 19 जनवरी 2025 को ‘एएनआई’ पर पब्लिश एक खबर में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में युवाओं से नेताजी सुभाष चंद्र बोस से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।

जागरण डॉट कॉम के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडेय ने वायरल पोस्ट को फेक बताते हुए कहा, “इसमें इस्तेमाल किया गया फॉन्ट दैनिक जागरण का नहीं है। कई असामाजिक तत्व जागरण की छवि धूमिल करने की मंशा के साथ इस प्रकार का कुकृत्य कर रहे हैं।” उन्होंने पाठकों से आग्रह किया है कि वे ऐसे पोस्ट दैनिक जागरण के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर ही चेक करें।

क्या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में देश और विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करते हैं। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क, एआईआर न्यूज वेबसाइट और न्यूजऑनएयर मोबाइल ऐप पर प्रसारित किया जाता है। साथ ही, एआईआर न्यूज, डीडी न्यूज, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर इसका लाइव प्रसारण भी किया जाता है। इसकी शुरुआत 3 अक्टूबर 2014 को हुई थी। यह कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11:00 बजे प्रसारित किया जाता है।

जांच के अंत में फेक पोस्टकार्ड शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। ‘पंडित मनोज शर्मा’ नाम के इस यूजर को फेसबुक पर 19 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट सितंबर 2016 में बनाया गया था। यूजर यूपी के हापुड़ में रहता है।

निष्कर्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पिता को लेकर वायरल बयान नहीं दिया है। जागरण डॉट कॉम के पोस्टकार्ड को एडिट करके फर्जी बयान जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।


  • Claim Review : पीएम मोदी ने अपने पिता को लेकर दिया वायरल बयान।
  • Claimed By : FB User Pandit Manoj Sharma
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!