Advertisement

हैदराबाद में पीएम मोदी के दौरे के दौरान पाकिस्तानी झंडा लहराए जाने का दावा गलत- Pakistani Flag Claim During PM Modi Hyderabad Visit Is False

पीएम मोदी ने हाल ही में हैदराबाद का दौरा किया। उस दौरान उनके विरोध में पाकिस्तानी झंडे लहराए जाने का दावा झूठा है। वायरल वीडियो में भी इस्लामिक झंडे दिख रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी हम पुष्टि नहीं करते हैं। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित किया था। उनके हैदराबाद दौरे से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक बीच सड़क पर हरे रंग का झंडा लहराते हुए दिख रहा है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि हैदराबाद में पीएम मोदी के विरोध में पाकिस्तानी झंडा लहराया गया।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा गलत है और वीडियो में पाकिस्तानी नहीं, बल्कि इस्लामिक झंडे दिख रहे हैं। हालांकि, हम वायरल वीडियो के समय के बारे में कोई पुष्टि नहीं करते हैं।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘truthrevolutioninbharat’ ने 11 मई 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “हैदराबाद में पीएम मोदी का विरोध पाकिस्तानी झंडे और सड़क जाम।

इसके साथ कैप्शन में लिखा है, “आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैदराबाद दौरे के दौरान शहर के कुछ इलाकों में भारी हंगामा देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने न केवल सड़कों को अवरुद्ध कर यातायात में बाधा डाली, बल्कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी झंडे भी लहराए। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में प्रदर्शनकारियों को प्रधानमंत्री के काफिले के मार्ग और प्रमुख चौराहों पर उपद्रव करते देखा जा सकता है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है, लेकिन इस तरह खुलेआम राष्ट्र-विरोधी प्रतीकों का इस्तेमाल किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। कई लोग इसे देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निर्वासन (deportation) की मांग कर रहे हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा कोई वाकया हुआ होता तो मीडिया में खबर जरूर आती।

इसके बाद हमने वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें एक युवक और बाइक पर सवार दो बच्चों को हरा झंडा पकड़े हुए देखा जा सकता है। ये पाकिस्तान के झंडे नहीं हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज में ‘चांद और सितारे’ के साथ एक ‘सफेद पट्टी’ भी होती है, जबकि वायरल वीडियो में दिख रहे झंडों में केवल चांद और सितारे बने हैं।

कोलाज में वायरल वीडियो में दिख रहे झंडों और पाकिस्तान के झंडे में अंतर देखा जा सकता है।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल वीडियो में दिख रहे झंडे पाकिस्तानी नहीं हैं।

हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर ‘Tathvam-asi’ ने 11 मई 2026 को इस वीडियो को शेयर करते हुए पीएम मोदी के दौरे के विरोध का बताया। हालांकि, यूजर ने झंडों को इस्लामिक बताया है।

वीडियो में इमारत पर ‘होटल चारमीनार’ लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने गूगल मैप पर इसे सर्च किया तो इसकी लोकेशन सलारजंग म्यूजियम रोड, हैदराबाद मिली।

कोलाज में वायरल वीडियो में दिख रही इमारत और गूगल मैप की लोकेशन को देखा जा सकता है।

इससे यह तो पक्का हो गया कि वीडियो हैदराबाद का है, लेकिन हमें इसकी तारीख या वर्ष के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसलिए हम यह पुष्टि नहीं करते कि यह वीडियो पीएम मोदी के हैदराबाद दौरे के दौरान का है।

इस बारे में हमने हैदराबाद के स्थानीय पत्रकार श्री हर्ष से संपर्क किया और उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दौरे के दौरान पाकिस्तान का झंडा नहीं दिखाया गया था। वायरल वीडियो में भी इस्लामिक झंडा है, पाकिस्तान का नहीं। यह वीडियो मूसी नदी पर बने एक पुल का है, जो सलारजंग म्यूजियम के पास है। मोदी का रूट बेगमपेट एयरपोर्ट, सिंधु हॉस्पिटल और सिकंदराबाद का था। वायरल वीडियो वाली लोकेशन पीएम मोदी के रूट वाली नहीं है। हैदराबाद में ऐसे जुलूस मिलाद-उन-नबी के वक्त निकाले जाते हैं।

क्या है संदर्भ?

पीएम मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में दौरा किया था। डीडी न्यूज की वेबसाइट पर 10 मई 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, पीएम ने हैदराबाद में कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया।  

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। अगस्त 2024 में बने इस अकाउंट के 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: पीएम मोदी ने हाल ही में हैदराबाद का दौरा किया। उस दौरान उनके विरोध में पाकिस्तानी झंडे लहराए जाने का दावा झूठा है। वायरल वीडियो में भी इस्लामिक झंडे दिख रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी हम पुष्टि नहीं करते हैं। 


  • Claim Review : हैदराबाद में पीएम मोदी के विरोध में पाकिस्तानी झंडे लहराए गए।
  • Claimed By : Insta User- truthrevolutioninbharat
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!