Advertisement

सड़क जाम, पुलिस पर हमला व सरकारी काम में बाधा डालने के दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

 

बच्चे का शव सड़क पर रखकर हंगामा करने का मामला: पलामू एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

नीलाम्बर-पिताम्बरपुर/मनातू (पलामू): मनातू थाना क्षेत्र के पदमा चौक पर बच्चे का शव सड़क पर रखकर सड़क जाम करने, पुलिस टीम पर हमला करने तथा सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के दो मुख्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र राम और राजेंद्र महतो शामिल हैं।

यह था पूरा मामला

एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मनातू थाना क्षेत्र के पदमा चौक पर बीते दिनों मृतक बालक सूरज कुमार के शव को सड़क पर रखकर लगभग 80 से 100 की संख्या में उपद्रवियों (महिला एवं पुरुष) द्वारा मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया गया था। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया था और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलते ही मनातू थाना पुलिस और सशस्त्र बलों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बेहद शांतिपूर्ण तरीके से भीड़ को समझाने-बुझाने और सड़क जाम हटाकर आवागमन बहाल कराने का प्रयास किया।

पुलिस बल के साथ मारपीट, कई जवान हुए थे घायल

एसडीपीओ के अनुसार, पुलिस की समझाइश का उग्र भीड़ पर कोई असर नहीं पड़ा। उल्टे भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। उपद्रवियों ने पुलिस बल पर हिंसक हमला कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी चोटिल और घायल हो गए थे। उपद्रवियों ने जानबूझकर पुलिस के सरकारी कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की।


गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने दबिश देकर कांड के दो मुख्य अभियुक्तों को दबोच लिया:

  1. राजेंद्र राम (उम्र- वयस्क), पिता- भोला राम, साकिन- अमवाटोली, थाना- मनातू, जिला- पलामू।
  2. राजेंद्र महतो (उम्र- वयस्क), पिता- महावीर महतो, साकिन- पदमा, थाना- मनातू, जिला- पलामू।

    सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज

मामले में मनातू थाना में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर पलामू न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

“किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था को हाथ में लेने, आम जनता का रास्ता बाधित करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।” — प्रशांत कुमार (एसडीपीओ) लेस्लीगंज 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!