Advertisement

इस्तीफे पर राजनाथ सिंह का बयान NEET 2026 पेपर लीक मामले से संबंधित नहीं, 2015 का वीडियो गलत दावे से वायरल- Old Rajnath Singh Clip Falsely Shared With NEET 2026 Paper Leak

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। राजनाथ सिंह ने हाल-फिलहाल में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनकी 2015 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक पुराने वीडियो में से छोटे से अंश को एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नीट-यूजी (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट) पेपर लीक मामले की जांच, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। इस मामले में कई आरोपियों को अरेस्ट भी किया गया है। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं, “कोई इस्तीफा नहीं होगा, यह यूपीए सरकार नहीं है, यह एनडीए सरकार है।” सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को नीट प्रकरण से जोड़ते हुए वायरल कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि राजनाथ सिंह ने नीट-यूजी 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के जवाब में यह बयान दिया है।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। राजनाथ सिंह का पुराना वीडियो अब गलत संदर्भ के साथ वायरल करके झूठ फैलाया जा रहा है। वायरल वीडियो 24 जून 2015 की एक प्रेस कॉफ्रेंस का एक छोटा सा हिस्सा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Ravi Kumar Huddi Baba’ ने 13 मई 2026 को एक ग्रुप में राजनाथ सिंह का वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “बेशर्म राजनाथ सिंह क्या कह रहे सुनिए… कुछ देशद्रोही NEET पेपर लीक में मोदी सरकार के शिक्षा मंत्री से ईस्तीफा मांग रहे हैं.तो राजनाथ सिंह कह रहे है कि उन लोगों को बता द्ं – ये UPA सरकार नहीं है जो मंत्री जिम्मेदारीलेकर इस्तीफा दे. ये NDA की सरकार है, हमारे मोदीजी की सरकार है. हमारे मंत्री जी कुर्सी से चिपके रहेंन. जो करना है कर लो!”

वायरल वीडियो को कई दूसरे यूजर्स भी समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने राजनाथ सिंह के वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले कुछ कीवर्ड बनाए और फिर इन्हें गूगल ओपन सर्च टूल की मदद से खोजा गया। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जिससे यह पुष्टि हो सके कि राजनाथ सिंह ने नीट मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर कोई बयान दिया हो। यदि ऐसा होता, तो उनका बयान जरूर खबरों में आता। राजनाथ सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट को भी खंगाला गया। वहां भी हमें ऐसा कोई बयान या वीडियो नहीं मिला।

विश्वास न्यूज की जांच के दौरान राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो मिला। दरअसल, 24 जून 2015 को राजनाथ सिंह और रवि शंकर प्रसाद कैबिनेट ब्रीफिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक पत्रकार ने उस वक्त के एक घटनाक्रम को लेकर इस्तीफे का प्रश्न पूछा, तो उसका जवाब देते हुए राजनाथ सिंह ने इस्तीफे वाली बात कही थी। पूरा वीडियो भाजपा के यूट्यूब चैनल पर भी मौजूद है। इसे 24 जून 2015 को ही स्ट्रीम किया गया था। वीडियो की 23 मिनट की टाइमलाइन के बाद राजनाथ के अब वायरल हो रहे बयान को सुना जा सकता है।

सर्च के दौरान हमें ‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर एक पुरानी खबर मिली। 24 जून 2015 की इस खबर में बताया गया, “विवादों में फंसे मंत्रियों को लेकर सवाल पूछे जाने पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कोई भी मंत्री इस्तीफा नहीं देगा। उन्होंने कहा कि यह एनडीए की सरकार है, न कि यूपीए की। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और रविशंकर प्रसाद कैबिनेट द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी दे रहे थे। इस दौरान उनसे विवादों में घिरे मंत्रियों के इस्तीफे के बारे में सवाल पूछे गए। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘नहीं, नहीं… इस पर मंत्रियों के त्यागपत्र नहीं होते हैं भैया। यह यूपीए की नहीं, एनडीए की सरकार है’।”

इसी तरह 24 जून 2015 को ‘एनडीटीवी’ की एक रिपोर्ट में बताया गया कि राजनाथ सिंह ने कहा कि कोई इस्तीफा नहीं होगा। यह यूपीए सरकार नहीं, एनडीए सरकार है। राजनाथ सिंह ने एक पत्रकार के सवाल के जवाब में यह बात कही।

हमारी अब तक की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि राजनाथ सिंह का 2015 के पुराने बयान को अब नीट विवाद से जोड़कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए भाजपा के उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता अवनीश त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। 2015 के वीडियो को एडिट करके अब गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर के अकाउंट की सोशल स्कैनिंग की गई। पता चला कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फेसबुक पर फॉलो करते हैं। यूजर दिल्ली का रहने वाला है।

क्या है संदर्भ?

मेडिकल के स्नातक कोर्सों में दाखिले से जुड़ी परीक्षा नीट-यूजी के बड़ी संख्या में प्रश्नों के लीक होने की पुष्टि के बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा के आयोजन के नौ दिन बाद, 12 मई 2026 को पूरी परीक्षा रद करके दोबारा कराने का फैसला किया। साथ ही, इसकी जांच सीबीआई से करवाई जा रही है। अभी तक इस पूरे मामले में कई लोगों को अरेस्ट भी किया गया है। ‘दैनिक जागरण’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, नीट-यूजी का आयोजन तीन मई को देश-विदेश के कुल 565 शहरों में करीब साढ़े पांच हजार परीक्षा केंद्रों पर हुआ था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। राजनाथ सिंह ने हाल-फिलहाल में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनकी 2015 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक पुराने वीडियो में से छोटे से अंश को एडिट करके गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।


  • Claim Review : नीट पेपर लीक में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार में इस्तीफे नहीं होते।
  • Claimed By : FB User Ravi Kumar Huddi Baba
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!