Advertisement

बिहार में पूर्व एटीएम वाली जगह पर चल रहा था सैलून, 6 महीने पहले ही बैंक ने खाली कर दी थी जगह-Bihar News Salon Operating at Former ATM Site After Bank Shifted Out

वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यह कहना गलत है कि एसबीआई एटीएम के अंदर सैलून खोला गया है। सच्चाई यह है कि बैंक ने छह महीने पहले इस स्थान को खाली करते हुए अपनी एटीएम मशीन और अन्य उपकरण हटा लिए थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एक एटीएम में सैलून के संचालन के नाम पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो के साथ दावा किया गया कि एसबीआई के एटीएम के अंदर ही सैलून खोला गया है। इस वीडियो के बहाने कुछ लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकार पर भी तंज कस रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह दावा भ्रामक साबित हुआ। जिस दुकान में सैलून खोला गया था, वहां छह महीने पहले तक एसबीआई का एटीएम था। बाद में बैंक ने अपना एटीएम बंद कर दिया था। इसके बाद दुकान के मालिक ने इस स्थान को एक सैलून को किराए पर दे दिया था। चूंकि, दुकान के ऊपर से एसबीआई का बोर्ड नहीं हटा था, तो इसके वीडियो से भ्रम फैला। वीडियो वायरल होने के बाद बैंक ने दुकान से अपना बोर्ड हटा लिया और जहां-जहां बैंक का नाम लिखा था, उसे भी मिटा दिया ।

हमारी जांच में पता चला कि बैंक ने महीनों पहले एटीएम मशीन और अन्य उपकरण हटा लिए थे, लेकिन केबिन का ढांचा और एसबीआई का बोर्ड वहीं छोड़ दिया था। इसके बाद इस स्थान को किराए पर दे दिया गया। ऐसे में यह कहना गलत होगा कि एटीएम के अंदर सैलून खोला गया।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Soumitra Roy’ ने 11 मई 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया, “बिहार में एसबीआई के एटीएम में किसी ने नाई की दुकान खोल ली। बीजेपी की डबल इंजन सत्ता ने बिहारियों को इतना विकसित कर लिया है कि लोन की किस्तें सीधे एटीएम में ही कट जाएं। मोदी का मास्टरस्ट्रोक।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स भी इस वायरल पोस्ट को फर्जी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो के आधार पर कीवर्ड सर्च किया। हमें इससे संबंधित कई मीडिया रिपोर्ट मिलीं, जिनमें सही जानकारी देते हुए पूरी सच्चाई बताई गई है।

‘लाइव सिटीज’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 12 मई 2026 को अपलोड रिपोर्ट में बताया गया कि बिहार के दानापुर में एक एटीएम वाले स्थान पर सैलून खोला गया। बैंक इस स्थान को छह महीने पहले ही खाली कर चुका था, लेकिन अपना बोर्ड नहीं हटाया था। वीडियो वायरल होने के बाद बैंक ने बोर्ड हटा दिया है। रिपोर्ट में स्थान के मकान मालिक का भी इंटरव्यू है। उनका कहना है कि छह महीने पहले बैंक अपनी एटीएम मशीन और अन्य उपकरण ले गया था। इसके बाद उन्होंने इस स्थान को एक सैलून वाले को किराए पर दे दिया था।

वायरल वीडियो हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर भी एक खबर में मिला। 11 मई 2026 की इस खबर में बताया गया कि पूर्व में यहां एसबीआई का एटीएम था। किसी कारणवश बैंक प्रबंधन ने वहां से एटीएम तो हटा दिया, लेकिन उसका बोर्ड एवं बाहरी सेटअप ज्यों का त्यों छोड़ दिया । बाद में दुकान के मालिक ने उसे एक सैलून संचालक को किराए पर दे दिया। सैलून संचालक ने पुराने सेटअप में ही सैलून चलाना शुरू कर दिया।

‘इंडिया टुडे’ अंग्रेजी की वेबसाइट पर भी 11 मई 2026 को इस घटना पर एक खबर प्रकाशित की गई। इसमें भी साफ तौर पर बताया गया कि जहां सैलून चल रहा है, वहां कई महीने पहले एटीएम हुआ करता था। बाद में इसे बंद कर दिया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद अब एसबीआई ने अपना बोर्ड और लोगो हटा दिया है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए ‘दैनिक जागरण’, दानापुर के संवाददाता बृज बिहारी मिश्रा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल पोस्ट में किया गया दावा भ्रामक है। वायरल वीडियो में दिख रहे स्थान से बैंक ने छह महीने पहले ही एटीएम हटा दिया था। इसके बाद मकान मालिक ने उसी स्थान को एक सैलून संचालक को किराए पर दे दिया था।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि बिहार के दानापुर का एक वीडियो पिछले दिनों खूब वायरल हुआ था। इसमें एसबीआई के एटीएम वाले स्थान पर एक सैलून को दिखाया गया था। दरअसल, बैंक ने अपने एटीएम को बंद करके यह स्थान खाली कर दिया था। इसके बाद मकान मालिक ने एटीएम वाली जगह को एक सैलून संचालक को किराए पर दे दिया था। उसी वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल किया गया।

जांच के अंत में भ्रामक पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यूजर को फेसबुक पर 59 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर पेशे से पत्रकार हैं और हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहते हैं। यह अकाउंट 16 दिसंबर 2008 को बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। यह कहना गलत है कि एसबीआई एटीएम के अंदर सैलून खोला गया है। सच्चाई यह है कि बैंक ने छह महीने पहले इस स्थान को खाली करते हुए अपनी एटीएम मशीन और अन्य उपकरण हटा लिए थे। इसके बाद मकान मालिक ने उसी जगह को एक सैलून संचालक को किराए पर दे दिया था।


  • Claim Review : बिहार में एसबीआई के एटीएम में किसी ने नाई की दुकान खोल ली।
  • Claimed By : FB User Soumitra Roy
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!