मेदिनीनगर,( पलामू ): मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना बाजार पदमा में रविवार को आगामी श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव के सफल संचालन को लेकर दुर्गा पूजा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूजा-अर्चना की व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। साथ ही, आगामी पूजा के भव्य एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए नई कार्यकारिणी समिति का पुनर्गठन किया गया।
सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का हुआ चयन
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से श्री रामदास साहू को समिति का संरक्षक चुना गया। इसके अलावा, अध्यक्ष पद पर जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष पद पर पचु राम, सचिव पद पर लक्ष्मण प्रसाद साहू, उप सचिव पद पर बिराज कुमार एवं कोषाध्यक्ष के पद पर कृष्ण कुमार निराला का मनोनयन किया गया।
आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश
बैठक को संबोधित करते हुए नवचयनित संरक्षक रामदास साहू ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे व सौहार्द को मजबूत करने का पावन पर्व है। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से आपसी समन्वय स्थापित कर पूजा को भव्य व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
श्री साहू ने विशेष रूप से क्षेत्र के युवाओं से आग्रह किया कि वे पूजा आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएं और श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए समिति के सभी सदस्य आपसी जिम्मेदारियों का बंटवारा कर कार्य करेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों की गरिमामयी मौजूदगी
इस अवसर पर मुख्य रूप से पोखराज साव, रंजीत साव, संजय प्रसाद, लक्ष्मण महतो, सुरेंद्र सिंह, गिरेंद्र प्रजापति, दिलीप कुमार, टेनी प्रजापति, विकास कुमार, सुजीत प्रजापति, शशि कुमार, डोमन साव, छोटू प्रजापति, नवनीत प्रभाकर, बेलास साव, अरुण मेहता, कमलेश कुमार, सुरेश मिस्त्री, श्यामलाल सिंह, योगेंद्र मेहता तथा बाबूलाल साव सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों ने नवगठित कार्यकारिणी समिति के सभी पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं तथा आगामी दुर्गा पूजा को ऐतिहासिक व सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया।













Leave a Reply