Advertisement

SIR कार्य के दौरान बीडीओ आशीष कुमार साहू ने दिखाई संवेदनशीलता; सड़क दुर्घटना में घायल युवक को अपने सरकारी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

 

अरुण आजाद

छतरपुर (पलामू): छतरपुर प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को एसआईआर (SIR) कार्य के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (बीडीओ) आशीष कुमार साहू ने उत्कृष्ट मानवीय संवेदना और त्वरित प्रशासनिक तत्परता का परिचय दिया। जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर हुई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को बीडीओ ने अपने सरकारी वाहन से तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया और इलाज की व्यवस्था कराई। अधिकारी के इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

खेन्द्रा खुर्द के पास बाइक दुर्घटनाग्रस्त, सूचना मिलते ही पहुंचे बीडीओ

प्राप्त विवरण के अनुसार, सोमवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, खेन्द्रा खुर्द में एसआईआर से संबंधित प्रशासनिक कार्य चल रहा था। इसी दौरान बीडीओ सह अंचल अधिकारी आशीष कुमार साहू को सूचना मिली कि जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर खेन्द्रा खुर्द के समीप एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और एक युवक सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही बीडीओ ने मामले को गंभीरता से लिया और बिना किसी विलंब के अपनी टीम के साथ तत्काल दुर्घटनास्थल की ओर रवाना हो गए।

टीम की मदद से घायल को वाहन में बिठाकर अस्पताल पहुंचाया

घटनास्थल पर पहुंचने पर बीडीओ ने देखा कि घायल युवक को तुरंत चिकित्सकीय मदद की आवश्यकता थी। उन्होंने बिना समय गंवाए अपने चालक मिथिलेश कुमार, चौकीदार अनीश प्रजापति, अनिल सिंह, अभिषेक कुमार एवं शिवशंकर यादव के सहयोग से घायल को उठाया और अपने वाहन में बिठाकर छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले गए। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद चिकित्सकों की टीम ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया।

घायल युवक की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के ग्राम मोरमा कला निवासी आकाश कुमार (25 वर्ष), पिता- रामदास साव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आकाश बाइक से जपला से अपने घर लौट रहा था, इसी दौरान खेन्द्रा खुर्द के पास उसका वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता एवं मानवीय पहल को सराहा

दुर्घटनास्थल और अस्पताल में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बीडीओ आशीष कुमार साहू और उनकी टीम की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि अक्सर सड़क दुर्घटनाओं में समय पर इलाज न मिलने से स्थिति गंभीर हो जाती है, लेकिन बीडीओ ने व्यस्त प्रशासनिक दायित्वों के बावजूद मानवीय धर्म को प्राथमिकता दी और समय पर मदद उपलब्ध कराकर युवक की जान बचाई। अधिकारियों का यह संवेदनशील रवैया समाज में एक अत्यंत सकारात्मक संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!