Advertisement

Fact Check: Old Religious Event Video Falsely Linked to Post-West Poll Bengal Exodus

पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद राज्य से अवैध घुसपैठियों के पलायन के दावे से वायरल हो रहा वीडियो जनवरी 2026 में हुगली में आयोजित इज्तेमा का है। इज्तेमा सालाना आयोजित होने वाला इस्लामी धार्मिक कार्यक्रम है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को मात देते हुए 293 सीटों वाली बंगाल विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 207 सीटों के साथ राज्य में पहली बार सरकार बनाने जा रही है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सरकार बदलने के साथ भारी संख्या में अवैध घुसपैठिये राज्य छोड़कर बांग्लादेश जाने लगे हैं। इस दावे के साथ शेयर हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में मुस्लिमों को कहीं जाते हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल हो रहा वीडियो बंगाल के चुनाव नतीजों से संबंधित नहीं है। यह इसी साल पश्चिम बंगाल में संपन्न इज्तेमा (मुस्लिमों का धार्मिक सम्मेलन) का है, जिसका आयोजन दो से पांच जनवरी 2026 के बीच हुगली जिले में किया गया था।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया एक्‍स यूजर ‘राष्ट्रवादी सनातनी HiNdU’ ने पांच मई 2026 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “वीडियो पश्चिम बंगाल की है…घुसपैठिये बंग्लादेशी छोड़ने लगे…हज़ारों की संख्या में जालीदार टोपी वाले कबाड़ उठाकर देश के दूसरे हिस्सों में निकल चुके हैं। ये सावधान रहने का वक्त है अगर ये दरिंदे आपके गांव शहर कस्बे में दिखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो और इसके साथ किए गए दावे की जांच के लिए हमने इसे ध्यान से देखा। वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को इसे हुगली का बताते हुए सुना जा सकता है। साथ ही, वह एक जगह ‘इज्तेमा’ का भी जिक्र करता है, जो वीडियो के साथ किए गए दावे के विपरीत है। इज्तेमा मुस्लिमों का एक धार्मिक समागम है।

न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें नतीजों के बाद बंगाल में हिंसा की घटनाओं का जिक्र है। हालांकि, सर्च में हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिसमें पश्चिम बंगाल से मुस्लिमों के पलायन का जिक्र हो। वायरल वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें रिवर्स इमेज सर्च किया।

सर्च में हमें यह वीडियो यूट्यूबर ‘दीप घोष’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला, जिसे उन्होंने पांच जनवरी 2026 को शेयर किया था। दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो इज्तेमा का है, जिसका आयोजन हुगली जिले में किया गया था और यह उसी में शामिल होने जा रहे लोगों की भीड़ है।

गौरतलब है कि यह वीडियो पांच जनवरी को शेयर किया गया था, जबकि बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई 2026 को आए। यानी, ऑरिजिनल वीडियो के साथ किया गया दावा ही सही है।

न्यूज सर्च में हमें एक और वीडियो मिला, जिसे ‘shibasishsaha.official’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया था। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में 2-5 जनवरी के बीच विश्व इज्तेमा का आयोजन किया गया था। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में होने वाला यह आयोजन, ‘बिस्वा इज्तेमा’ नामक एक विशाल वार्षिक इस्लामी समागम का हिस्सा है, जिसका मुख्य आयोजन आमतौर पर बांग्लादेश में होता है।

न्यूज सर्च में हमें ‘द स्टेट्समैन’ की रिपोर्ट मिली, जिसमें हुगली में आयोजित इस इज्तेमा का जिक्र है। दी गई जानकारी के मुताबिक, “इस साल, बिस्वा इज्तेमा पश्चिम बंगाल में हुगली जिले के दादपुर स्थित पुइनन में आयोजित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में पिछला बिस्वा इज्तेमा 1992 में हावड़ा-निब्रा इलाके में आयोजित किया गया था। 33 साल के अंतराल के बाद, यह विशाल धार्मिक समागम हुगली जिले में हो रहा है।”

वायरल वीडियो को लेकर हमने बंगाल चुनाव कवर कर रहे टीवी पत्रकार अमृत तिवारी से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि बंगाल में इस तरह के पलायन की कोई सूचना नहीं है। वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब एक लाख लोग फॉलो करते हैं।

क्या है संदर्भ?

15 मार्च को केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) ने पश्चिम बंगाल (23 और 29 अप्रैल), तमिलनाडु (23 अप्रैल), केरल (9 अप्रैल), असम (9 अप्रैल) और पुडुचेरी (9 अप्रैल) समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों की घोषणा की, जिनके नतीजे चार मई 2026 को आए।

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे (Source: ECI)

नतीजों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की 293 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को 207 सीटें मिली हैं, जो सरकार बनाने के जादुई आंकड़े से बहुत अधिक है। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमटकर रह गई। चुनाव से संबंधित अन्य मिस-इन्फॉर्मेशन की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों के बाद राज्य से अवैध घुसपैठियों के पलायन के दावे से वायरल हो रहा वीडियो जनवरी 2026 में हुगली में आयोजित इज्तेमा का है। इज्तेमा सालाना आयोजित होने वाला इस्लामी धार्मिक कार्यक्रम है।


  • Claim Review : BJP की जीत के बाद बंगाल छोड़कर भागते अवैध घुसपैठिए।
  • Claimed By : X User-राष्ट्रवादी सनातनी HiNdU
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!