Advertisement

TMC के ऑफिस में नजर आ रही पूर्व बीजेपी सांसद लॉकेट चटर्जी की तस्वीर एआई निर्मित AI-Generated Image of BJP Leader Locket Chatterjee Seen in TMC Office Goes Viral

भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी की टीएमसी ऑफिस में जाने की वायरल तस्वीर फर्जी है। लॉकेट चटर्जी की वायरल तस्वीर गूगल AI की मदद से बनाई गई है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आज दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। इसी चुनाव से जोड़ते हुए बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में उन्हें तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के मुख्यालय में जाते हुए देखा जा सकता है। इस फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि टीएमसी में शामिल होने के लिए वह पार्टी के मुख्यालय पहुंची थीं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में यह वायरल दावा गलत पाया। लॉकेट चटर्जी की वायरल तस्वीर गूगल AI की मदद से बनाई गई है। जांच में इस तस्वीर में ‘सिंथआईडी’ (SynthID) के डिटेक्ट होने की पुष्टि हुई।

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘BombagorerRani’ ने 28 अप्रैल 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए बंगाली में लिखा, “तृणमूल मुख्यालय में यह कौन है? क्या यह जानी-पहचानी नहीं लग रही हैं?”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

तस्वीर को गौर से देखने पर हमने पाया कि सीसीटीवी फुटेज की इस तस्वीर पर समय तो लिखा है, लेकिन तारीख नहीं है, जबकि असली फुटेज में समय के साथ तारीख भी लिखी होती है। ऐसे में फोटो के एआई से बने होने का हमें संदेह हुआ। हमें सर्च के दौरान वायरल दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट भी नहीं मिली। हमने लॉकेट चटर्जी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स भी खंगाले, लेकिन हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली। हालांकि, लॉकेट चटर्जी अपने फेसबुक पर बीजेपी के समर्थन में लगातार पोस्ट कर रही हैं। उन्होंने पीएम मोदी के मैसेज और उनके साथ की गई रैली के वीडियो भी शेयर किए हैं। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। इसकी एनालिसिस में इस तस्वीर के कुछ या सभी हिस्सों में सिंथआईडी के डिटेक्ट होने (Very High: सिंथआईडी कॉन्फिडेंस) की पुष्टि हुई।

सिंथआईडी, गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार किए गए एआई-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उन्हें पहचानने का एक टूल है। यानी जब भी गूगल का कोई AI टूल कोई तस्वीर बनाता है, तो सिंथआईडी उसमें एक डिजिटल वॉटरमार्क छिपा देता है। यह वॉटरमार्क हमारी आंखों से दिखाई नहीं देता, लेकिन सिंथआईडी डिटेक्टर इसे पहचान लेता है। तस्वीर में नजर आ रहा ब्लू एरिया यह बताता है कि इसे एआई से बनाया गया है।

हमने फोटो को जांचने के लिए एक अन्य टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी फोटो के करीब 99 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।  

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ जेके बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर फर्जी है और इसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या है संदर्भ?

पश्चिम बंगाल में 23 को पहले चरण का मतदान हुआ और 29 अप्रैल 2026 को दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। वोटों की गिनती चार मई 2026 को होगी। पश्चिम बंगाल समेत कुल चार राज्यों और एक केन्‍द्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, जिनमें तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी शामिल हैं। असम, केरलम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो चुका है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38%, केरलम में 78.03% और पुडुचेरी में 89.83% मतदान हुआ है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब दस हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को बंगाल का रहने वाला बताया है। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी की टीएमसी ऑफिस में जाने की वायरल तस्वीर फर्जी है। लॉकेट चटर्जी की वायरल तस्वीर गूगल AI की मदद से बनाई गई है। 


  • Claim Review : भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी गुप्त मीटिंग के लिए पहुंची टीएमसी ऑफिस।
  • Claimed By : X User-Bombagorer Rani
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!