Advertisement

बक्सों से भरे ट्रक का बिहार का पुराना वीडियो बंगाल चुनाव के दौरान EVM बदलने के गलत दावे से वायरल

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सासाराम में खाली बक्सों से भरा एक ट्रक स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गया था। इस मामले में वहां हंगामा हुआ था। उस वीडियो को अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में प्रथम चरण का मतदान हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। इस दौरान सोशल मीडिया पर बक्सों से भरे ट्रक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रक के पास कुछ लोगों को हंगामा करते और पुलिसकर्मियों को भी देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) बदलने के लिए ट्रक लेकर आए थे।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान का है। दरअसल, बिहार चुनाव के दौरान सासाराम में एक ट्रक स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गया था, जिसे लेकर विपक्षी दलों के प्रत्याशियों ने हंगामा किया था। उस घटना के वीडियो को बंगाल चुनाव के दौरान गलत दावे से वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘zeezeeshanstyle’ ने 25 अप्रैल 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “कैसे ट्रक भर कर evm चेंज करने के लिए आए बीजेपी वाले।

पोस्ट के साथ पश्चिम बंगाल का हैशटैग प्रयोग किया गया है। इस वीडियो को पांच लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘newsinsider24x7‘ ने 13 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो पोस्ट किया था। जानकारी के अनुसार, “मामला बिहार के रोहतास जिले के सासाराम का है। खाली स्टील के बक्सों से भरा ट्रक सासाराम स्थित एक मतगणना केंद्र परिसर में पहुंच गया था। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और महागठबंधन के उम्मीदवारों ने हंगामा किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ट्रक 14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले चुनावी नतीजों में हेरफेर करने के लिए ‘चुपके से’ अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) अंदर ला रहा था। इस दौरान यह आरोप भी लगाया गया कि ट्रक के प्रवेश के समय सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे। वहीं, रोहतास की डीएम उदिता सिंह और एसपी रोशन कुमार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वाहन में केवल खाली बक्से थे, जिनका उद्देश्य मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईवीएम को रखने के लिए उपयोग करना था। साथ ही डीएम ने कहा था कि मतगणना परिसर में कैमरे चालू थे और उनकी बैकअप फुटेज भी उपलब्ध है।”

‘नवभारत टाइम्स’ के यूट्यूब चैनल पर 13 नवंबर 2025 को इस घटना से संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड किया गया था। इसमें वायरल वीडियो में दिख रहे ट्रक और युवक नजर आ रहे हैं। खबर के अनुसार, बिहार के सासाराम में जहां ईवीएम रखी गई थीं, वहां एक ट्रक पहुंच गया। इसके बाद महागठबंधन के प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने ईवीएम बदलने की साजिश करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया था।

‘ईटीवी बिहार’ की वेबसाइट पर 13 नवंबर 2025 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, “सासाराम में मतगणना से एक दिन पहले स्ट्रांग रूम के पास ट्रक पहुंचने के बाद राजद प्रत्याशियों ने हंगामा कर दिया। इस मामले में रोहतास के डीएम उदिता सिंह ने कहा कि सभी बक्से खाली हैं। वहीं, एसडीएम आशुतोष रंजन ने बताया कि ये खाली बक्से मतगणना के बाद ईवीएम रखने के लिए हैं।”

इस बारे में हमने पटना में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी अश्विनी कुमार सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव का है और सासाराम का है। ट्रक में खाली बक्से पाए गए ​थे।

क्या है संदर्भ?

भारत निर्वाचन आयोग के एक्स हैंडल से 23 अप्रैल 2026 को की गई पोस्ट में जानकारी दी गई है कि तमिलनाडु में 84.69% और पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में 91.78% मतदान हुआ है।

ऑल इंडिया रेडियो की वेबसाइट पर 24 अप्रैल 2026 को छपी खबर के अनुसार, “पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर चुनाव हुए, जबकि 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा के लिए मतदान एक ही चरण में संपन्न हुआ। पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से बची हुई 142 सीटों के लिए दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। केरलम, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के वोटों की गिनती 4 मई को होगी।”

बिहार के वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यूजर के 31 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। यह अकाउंट मार्च 2018 में बना था।

निष्कर्ष: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सासाराम में खाली बक्सों से भरा एक ट्रक स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गया था। इस मामले में वहां हंगामा हुआ था। उस वीडियो को अब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।


  • Claim Review : बंगाल चुनाव में भाजपा के लोग ईवीएम बदलने के लिए ट्रक लेकर आए थे।
  • Claimed By : Insta User- zeezeeshanstyle
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!