Advertisement

AI की मदद से बनाई गई है कोलकाता में राहुल गांधी की रैली के दावे से वायरल तस्वीर -Viral Kolkata Rally Photo of Rahul Gandhi Is AI-Made

कोलकाता में राहुल गांधी की रैली के दावे से वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई की मदद से बनाई गई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल 2026 को हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी। इस बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की रैली के नाम पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इस तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है कि यह राहुल गांधी की कोलकाता रैली की तस्वीर है।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल तस्वीर की जांच की। वायरल हो रही तस्वीर एआई-क्रिएटेड (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी हुई) है, जिसे गूगल एआई की मदद से बनाया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘रविंद्र नाथ’ ने 23 अप्रैल 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, “कोलकता में राहुल गांधी जी की रैली में जुटी भीड़।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान संदर्भ में शेयर किया है। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल तस्वीर को ध्यान से देखा। इसमें हमें कई विदेशी झंडे नजर आए। इसके आधार पर यह तय हो गया कि वायरल तस्वीर का भारत से कोई संबंध नहीं है। जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया गया। वायरल तस्वीर को यहां सर्च करने पर हमें सबसे पुरानी तस्वीर ‘Romain Briffaz’ नाम के एक पिनटेरेस्ट अकाउंट पर मिली। इसे तीन महीने पहले पोस्ट किया गया था। तस्वीर को एआई मॉडिफाइड बताया गया।

इसके बाद हमने इस तस्वीर को गूगल के ‘सिंथआईडी’ डिटेक्टर की मदद से चेक किया। सिंथआईडी की एनालिसिस इस तस्वीर के गूगल एआई की मदद से बनाए जाने की पुष्टि करती है। सिंथआईडी (SynthID) गूगल के एआई मॉडल्स द्वारा तैयार किए गए किसी भी AI-जनरेटेड कंटेंट पर वॉटरमार्क लगाने और उसे पहचानने का एक टूल है।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने इसे एक और डीपफेक डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया। ‘ट्रूथ स्कैन’ की एनालिसिस भी इस तस्वीर के एआई से बनाए जाने की संभावना की पुष्टि करती है। नतीजों में 74 फीसदी इस बात की आशंका जताई गई कि यह एआई-निर्मित है। हमारी जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल तस्वीर एआई की मदद से बनाई गई है।

इस तस्वीर को लेकर एआई एक्सपर्ट एसके साहिद से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि यदि फोटो में दिख रहे लोगों को ध्यान से देखा जाए तो उनकी आकृतियां अजीबोगरीब दिखेंगी। इसी तरह तस्वीर के बीच में एक झंडा भी दिख रहा है, जो कि अजीब सा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि तस्वीर फेक है। इसे एआई की मदद से बनाया गया है।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने कोलकाता के शहीद मीनार में 25 अप्रैल 2026 को एक जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले राहुल गांधी चुनावी अभियान में 23 अप्रैल को कोलकाता आने वाले थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उन्हें ममता सरकार की ओर से रैली की इजाजत नहीं मिली, जिसके कारण 23 अप्रैल का राहुल का दौरा रद करना पड़ा। भारत के निर्वाचन आयोग के एक्स अकाउंट से 23 अप्रैल 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण में 91.78% मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल की कुल 294 सीटों में से बची हुई 142 सीटों के लिए दूसरा चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

जांच के अंत में फेसबुक यूजर रविंद्र नाथ के अकाउंट को स्कैन किया गया। यूजर को फेसबुक पर करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं। यह यूजरजोधपुर का रहने वाला है। इस अकाउंट को दिसंबर 2011 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: कोलकाता में राहुल गांधी की रैली के दावे से वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई की मदद से बनाई गई है।


  • Claim Review : कोलकाता में राहुल गांधी की रैली में जुटी भीड़
  • Claimed By : FB User Ravindra Nath
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!