प्रभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में दिखे BDO राजीव कुमार; लापरवाही और भ्रष्टाचार पर दी सीधी चेतावनी
मेदिनीनगर (पलामू): प्रखंड कार्यालय तरहसी में सोमवार को सत्ता परिवर्तन के साथ ही प्रशासनिक कार्यशैली में बड़े बदलाव के संकेत मिले हैं। नवपदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राजीव कुमार ने पदभार ग्रहण करते ही अपने सख्त रुख से स्पष्ट कर दिया कि उनके कार्यकाल में कामचोरी और भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं होगा।
परिचयात्मक सह समीक्षा बैठक के दौरान प्रखंडकर्मियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बीडीओ ने दो टूक कहा, “प्रखंड कर्मी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं, वरना हमें सुधारना अच्छी तरह आता है। जब सरकार काम के बदले वेतन दे रही है, तो जनता के कार्यों में लापरवाही क्यों?”
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं अव्यवस्था की परतें
बैठक की शुरुआत में प्रखंड प्रमुख सिरिस्ता भुईयां और पंचायत समिति सदस्यों ने नए बीडीओ का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जमीनी हकीकत बयां की। जनप्रतिनिधियों ने पूर्व से चली आ रही अव्यवस्था, लंबित विकास योजनाओं, पेंशन भुगतान में देरी और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में आम जनता को होने वाली परेशानियों की ओर बीडीओ का ध्यान आकृष्ट कराया। पंचायत समिति सदस्य उदय बैठा ने विशेष रूप से वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन के लंबित मामलों का मुद्दा उठाया।
बैठक में चली फटकार, जवाबदेही तय
जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ राजीव कुमार तत्काल एक्शन में दिखे। उन्होंने संबंधित विभाग के कर्मियों और अधिकारियों की क्लास लगाते हुए कहा:
- त्वरित निष्पादन: किसी भी प्रमाण पत्र या जनकल्याणकारी योजना की फाइल को अनावश्यक रूप से दबाकर नहीं रखा जाएगा। एवं प्रखंड कार्यालय पहुंचने वाले किसी भी फरियादी को बिना वजह चक्कर नहीं कटवाया जाना चाहिए। उन्होंने सबसे बड़ी बात कही की यदि किसी कार्य में जानबूझकर देरी या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो संबंधित कर्मी के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उम्मीद की नई किरण
बीडीओ के इस आक्रामक और पारदर्शी रुख की सराहना करते हुए प्रखंड प्रमुख सिरिस्ता भुईयां ने कहा कि नए अधिकारी के आने से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की उम्मीद जगी है।
”प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। हम यहाँ सेवा के लिए हैं, शासन के लिए नहीं।”
— राजीव कुमार, बीडीओ, तरहसी
बैठक में मुख्य रूप से कौशल्या देवी, राधे बिहारी पासवान, उदय बैठा, बबलू कुमार समेत कई पंचायत प्रतिनिधि और प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे। बीडीओ के इस ‘हंटर’ के बाद पूरे प्रखंड मुख्यालय में हड़कंप का माहौल है और चर्चा है कि अब जल्द फाइलों की धूल जल्द साफ होगी।













Leave a Reply