अरुण आजाद//
छतरपुर (पलामू): पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखही गांव में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मकई के खेत से एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शनिवार को अपनी रूठी हुई पत्नी को वापस घर लिवाने के लिए ससुराल आया हुआ था। घटना के बाद से मृतक का ससुर जगदेव भुइयां समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं, जिससे हत्या का संदेह और गहरा गया है।
विवाद सुलझाने बच्चों संग ससुराल पहुंचा था गांधी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक गांधी भुइयां की पत्नी पिछले कई महीनों से अपने मायके भीखही गांव के पूर्वी टोला में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह आजीविका के लिए बिहार के कुदरा में मजदूरी का काम करती थी और काफी समय से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। इसी आपसी मनमुटाव व पारिवारिक विवाद को सुलझाने तथा पत्नी को वापस अपने घर ले जाने के उद्देश्य से गांधी शनिवार दोपहर अपने दो मासूम बच्चों के साथ ससुराल पहुंचा था।
सुबह खेत में मिला शव, शरीर पर चोट के गंभीर निशान
रविवार सुबह करीब 6 बजे जब स्थानीय ग्रामीण पूर्वी टोला के बाहर स्थित खेतों की ओर गए, तो उन्होंने मकई के खेत के बीचो-बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ध्यान से देखने के बाद मृतक की पहचान गांधी भुइयां के रूप में की।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मृतक के शरीर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि शनिवार रात ससुराल में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई होगी, जिसके बाद मारपीट कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया गया।
ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार, पुलिस जांच तेज
घटना की भनक लगते ही मृतक का ससुर जगदेव भुइयां और परिवार के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। परिजनों का इस तरह गायब होना पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हत्या की ओर ही इशारा कर रहा है।
घटना की सूचना तुरंत छतरपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
“भीखही गांव में खेत से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया यह मामला मारपीट कर हत्या किए जाने का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फरार ससुर जगदेव भुइयां की तलाश में छापेमारी की जा रही है। परिजनों के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी।”
— थाना प्रभारी, छतरपुर
इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है।













Leave a Reply