मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गहर पथरा मोड़ के समीप एक अज्ञात काले रंग की स्कॉर्पियो ने लूना सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दो नाबालिगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बाजार से घर लौट रहे थे किशोर
मिली जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के सोले गांव के रहने वाले तीन किशोर एक लूना पर सवार होकर पाटन बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गहर पथरा मोड़ के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार काले रंग की अज्ञात स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों किशोर दूर जा गिरे। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान और घायल का विवरण
स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों घायलों को तुरंत पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित MMCH रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने दो किशोरों को मृत घोषित कर दिया। अफरोज अंसारी उर्फ बुटन (10 वर्ष), पिता- इस्तेयाक अंसारी। तोहिद अंसारी (15 वर्ष), पिता- नसीम अंसारी। घायल इब्राराज अंसारी (13 वर्ष), पिता- अमरुदीन अंसारी। इब्राराज की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है और मेदिनीनगर में उनका इलाज जारी है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना जैसे ही सोले गांव पहुँची, वहाँ मातम पसर गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीण और परिजन अस्पताल परिसर में गमगीन माहौल में एकत्र हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस और अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी महेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार अज्ञात स्कॉर्पियो की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपी वाहन और चालक को पकड़ने का आश्वासन दिया है।













Leave a Reply