Advertisement

Fact Check: लापरवाही से बाइक चलाते युवकों का पुराना वीडियो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद का बताकर वायरल

नई दिल्‍ली (विश्वास न्‍यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इसे अब जनता के लिए खोल दिया गया है। इसी को लेकर अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ युवाओं को बिना शर्ट पहने लापरवाही से बाइक चलाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि यह नए एक्‍सप्रेसवे पर हुई एक घटना का है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल 2026 को हुआ था। ऐसे में हमारी जांच में वायरल वीडियो पुराना साबित हुआ।

क्‍या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Samachar4u’ ने 15 अप्रैल 2026 को एक वीडियो शेयर किया। इसमें दावा किया गया, “Delhi Dehradoon New Expressway Inaugurated , Le Haryanvis : Aaliye Re aaliye”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

वायरल वीडियो को पंजाब केसरी नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल से भी 15 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया था। साथ में बताया गया कि प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें यही वीडियो पिछले साल अपलोड किया हुआ मिला। 20 जुलाई 2025 को एक इंस्‍टाग्राम हैंडल से इसे शेयर किया गया था।

यही वीडियो हमें 20 जुलाई 2025 को एक इंस्‍टाग्राम यूजर के हैंडल पर भी मिला।

इसी तरह 27 जनवरी 2026 को इसी वीडियो को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, देहरादून के वरिष्ठ राज्‍य संवाददाता अश्विनी कुमार त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्‍होंने बताया कि नए एक्‍सप्रेसवे पर उद्घाटन के बाद बाइक स्टंट वाली कोई घटना नहीं हुई है।

विश्‍वास न्‍यूज स्‍वतंत्र रूप से वीडियो के लोकेशन की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन यह तय है कि वायरल वीडियो के एक्‍सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद का नहीं है।

क्‍या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले 213 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड में किया। इसे अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है।

जांच के अंत में फेसबुक पेज ‘Samachar4u’ की सोशल स्‍कैनिंग की गई। पता चला कि यह पेज 17 अगस्‍त 2020 को बनाया गया था। इसके 1.7 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्‍कर्ष: विश्वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। दिल्‍ली से देहरादून के बीच बने नए एक्‍सप्रेसवे के खुलने के बाद ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।

The post Fact Check: लापरवाही से बाइक चलाते युवकों का पुराना वीडियो दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद का बताकर वायरल appeared first on Vishvas News.

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!