Advertisement

‘बैलेंस सिखाया नहीं जाता, आदतों से आता है’, ‘लिटिल योगी’ के साथ योग करती दिखीं शिल्पा शेट्टी

जब भी योग और हेल्दी लाइफस्टाइल की बात होती है, तो एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी का नाम सबसे पहले आता है। वह लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करती हैं। इस कड़ी में सोमवार को उन्होंने एक ऐसा वीडियो शेयर किया, जिसमें फिटनेस के साथ-साथ मां-बेटी के खूबसूरत रिश्ते की झलक भी देखने को मिली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। 

दरअसल, शिल्पा शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह अपनी बेटी समीशा शेट्टी कुंद्रा के साथ योग करती नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों मैट पर लेटकर उभय पादंगुष्ठासन करने की कोशिश करती हैं। इस दौरान शिल्पा अपनी बेटी को यह आसन करने के लिए कहती हैं, लेकिन छोटी समीशा कहती है कि वह इसे नहीं कर पा रही।

Also Read : गोल्फर रोरी मैकलॉय ने लगातार दूसरा मास्टर्स खिताब जीता

इस पर शिल्पा शेट्टी अपनी बेटी को हिम्मत देती हैं और कहती हैं कि ऐसा कुछ भी नहीं है, जो आप नहीं कर सकती। मां के इस हौसले के बाद दोनों अनंतासन करती दिखती हैं। इस बार समीशा शेट्टी इस आसन को बहुत अच्छे से कर लेती हैं।

वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में शिल्पा शेट्टी ने अपने इमोशन्स शेयर किए। उन्होंने अपनी बेटी को ‘लिटिल योगी’ कहते हुए लिखा, ”यह फिट और मजबूत बने रहने की मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा है। साथ में स्ट्रेच करना, हंसना और सीखना मेरे लिए सबसे खास पल होता है। अगर बच्चों को छोटी उम्र से ही अच्छी आदतें सिखाई जाएं, तो उनका शरीर मजबूत और दिमाग शांत बनता है। बैलेंस सिखाया नहीं जाता, बल्कि रोज की आदतों से अपने आप आता है।

बता दें कि 22 नवंबर 2009 को शिल्पा शेट्टी ने बिजनेसमैन राज कुंद्रा से शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने 2012 में बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम उन्होंने वियान रखा। वहीं समीशा शेट्टी कुंद्रा का जन्म 2020 में सरोगेसी के जरिए हुआ। शिल्पा अक्सर अपने बच्चों के साथ बिताए खास पलों को सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं, जिन्हें फैंस भी काफी पसंद करते हैं।

Pic Credit : ANI

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!