Advertisement

बांग्लादेश में हुए लाठीचार्ज के वीडियो को बंगाल चुनाव से जोड़कर किया जा रहा वायरल  Bangladesh Lathicharge Video Falsely Linked to Bengal Election

पश्चिम बंगाल में हुए लाठीचार्ज के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2026 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए एक प्रदर्शन का है, जिसे अब गलत दावे के साथ बंगाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। असम, केरल (केरलम) और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए वोटिंग हो चुकी है और नतीजों का इंतजार है, जबकि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए अभी वोटिंग होना बाकी है। इसी चुनावी माहौल के बीच लाठीचार्ज का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल का है। दावा है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की पार्टी के कार्यकर्ता माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे थे। इसके बाद सेना ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2026 में बांग्लादेश के ढाका में हुए एक प्रदर्शन का है, जिसे अब गलत दावे के साथ पश्चिम बंगाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Vikee Dhabhai’ ने 9 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘ममता बहन जी के गुंडों का इलाज कर रहे सेना के वीर सिपाही।’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो बांग्लादेश के फेसबुक पेज ‘Chdnews24’ पर 6 फरवरी 2026 को शेयर किया हुआ मिला। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो बांग्लादेश में हुए एक प्रदर्शन का है।

कई अन्य पेजों ने भी इस वीडियो को इसी जानकारी के साथ शेयर किया है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें प्रदर्शन से जुड़ी रिपोर्ट बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट ‘jugantor’ पर मिली। रिपोर्ट को 7 फरवरी 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘इंकलाब मंच’ के एक्टिविस्ट और पुलिस के बीच हुई झड़प का यह वीडियो है। 

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां देखा जा सकता है।

‘Dhaka tribune’ की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘इंकलाब मंच’ के कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया था। वे इस प्रदर्शन के जरिए अपने प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के लिए न्याय की मांग कर रहे थे। 2025 में उनकी हत्या कर दी गई थी। तभी से ‘इंकलाब मंच’ के कार्यकर्ता न्याय की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं।

न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 6 फरवरी 2026 को इस प्रदर्शन के वीडियो को शेयर किया था। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के कोलकाता ब्यूरो प्रमुख जेके वाजपेयी से बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो कोलकाता का नहीं है और यहां इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों की घोषणा की थी। 15 मार्च 2026 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में तारीखों का ऐलान किया था। असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को मतदान हो चुके हैं। चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38 फीसदी, पुडुचेरी में 89.83 फीसदी और केरल में 78.03 फीसदी तक मतदान दर्ज किए गए हैं। 

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होगा, जबकि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होंगे। परिणामों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।

फरवरी 2026 में, भारत सरकार ने केरल राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘केरलम’ (Keralam) करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पश्चिम बंगाल में हुए लाठीचार्ज के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो फरवरी 2026 में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए एक प्रदर्शन का है, जिसे अब गलत दावे के साथ बंगाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।


  • Claim Review : पश्चिम बंगाल में सेना ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर किया लाठीचार्ज।
  • Claimed By : FB User Vikee Dhabhai
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!