इजरायली सैनिकों को ले जा रहे दुबई के विमान का तेल अवीव हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त होने का दावा फेक है। वायरल वीडियो एआई निर्मित है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हुए युद्ध से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इजरायली सैनिकों को ले जा रहा दुबई का एक विमान तेल अवीव हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी सैनिक मारे गए।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है। इजरायल में इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘bebakawaaztv’ ने 7 अप्रैल 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इजरायली सैनिकों को ले जा रहा दुबई का एक विमान तेल अवीव के हवाई अड्डे के पास एक आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी इजरायली सैनिकों की मौत हो गई। दुर्घटना के दौरान इजरायली मीडिया दावा कर रही है कि विमान को ईरान की हाइपरसोनिक मिसाइल के टुकड़े ने टक्कर मार दी थी।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। विमान एक रिहायशी क्षेत्र में काफी नीचे उड़ रहा है, जो संभव नहीं है। उसके पहिए मकान की छतों को छू रहे हैं, लेकिन उनमें कोई टूट-फूट नहीं होती है। विमान के विंग्स (पंख) खंभे के आर-पार हो जाते हैं। इन कारणों से हमें वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड लगा।

वीडियो को हमने एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया। जांच में यह करीब 99 फीसदी एआई निर्मित निकला।

एआई वीडियो डिटेक्शन टूल ‘bitmind’ ने भी वीडियो को एआई निर्मित बताया।

अधिक पुष्टि के लिए हमने वीडियो को अपने सहयोगी, ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (DAU) के साथ शेयर किया, जो ‘ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस’ (TIA) की एक पहल है। टीम ने वीडियो के कीफ्रेम को ‘साइट इंजन’ से चेक किया। इसमें इसे एआई संभावित बताया गया।

इसके बाद हमने वायरल दावे के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट हमें नहीं मिली। अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो मीडिया में खबर जरूर आती।
इस बारे में हमने इजरायल के फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क कर उन्हें वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि यह फेक है। तेल अवीव एयरपोर्ट के पास ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
‘एनबीसी न्यूज’ की वेबसाइट पर 9 अप्रैल 2026 को छपे अपडेट के अनुसार, “अमेरिका और ईरान दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। इसके बाद लेबनान पर जोरदार हमले हुए। इस बारे में इजरायल ने कहा कि लेबनान इस समझौते के दायरे में नहीं आता। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजरायली हमलों के इस नए दौर में सैकड़ों लोग मारे गए या घायल हुए हैं। वहीं, एक ईरानी समाचार एजेंसी ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल का आवागमन एक बार फिर रोक दिया गया है। यह रोक पहले कुछ टैंकरों को गुजरने की अनुमति मिलने के कुछ ही घंटे बाद लगाई गई और इसकी वजह लेबनान पर हमले बताए गए।”

वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। सितंबर 2025 में बने इस अकाउंट के 17 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इजरायली सैनिकों को ले जा रहे दुबई के विमान का तेल अवीव हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त होने का दावा फेक है। वायरल वीडियो एआई निर्मित है।

- Claim Review : इजरायली सैनिकों को ले जा रहा विमान तेल अवीव हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी सैनिक मारे गए।
- Claimed By : Insta User- bebakawaaztv
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें




















Leave a Reply