मेदिनीनगर,(पलामू) : लेस्लीगंज प्रखंड में सनातन धर्म सभा केंद्रीय समिति के तत्वावधान में आयोजित रामनवमी महोत्सव इस वर्ष अभूतपूर्व भव्यता के साथ संपन्न हुआ। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस महोत्सव ने न केवल धार्मिक आस्था की मिसाल पेश की, बल्कि सनातन एकता और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत संगम भी प्रस्तुत किया।
वाराणसी के कलाकारों की झांकियों ने मोहा मन
महोत्सव के दौरान प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों अखाड़ों की झांकियों ने कार्यक्रम में जान फूंक दी। वाराणसी से विशेष रूप से आमंत्रित कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता और हनुमान जी के स्वरूपों को जीवंत करने वाली झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इन मनमोहक दृश्यों को देख उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
सनातन धर्म जीवन जीने की पद्धति: अध्यक्ष एवं महासचिव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने कहा कि यह महोत्सव हमारी संस्कृति और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
वहीं, केंद्रीय महासचिव राम प्रकाश तिवारी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा, “सनातन केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र पद्धति है। यह हमें सत्य, सेवा, संस्कार और समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।” उन्होंने आयोजन को समाज में नई ऊर्जा और एकजुटता का संचार करने वाला बताया।
भक्ति और सम्मान का समागम
कार्यक्रम के दौरान महानायक उमाशंकर मिश्रा द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में रविंद्र नाथ तिवारी और ओंकारनाथ जायसवाल सहित अन्य गणमान्य नेताओं ने आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन संत कुमार तिवारी ने कुशलतापूर्वक किया। समिति ने इस दौरान प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों अखाड़ों के राम भक्तों को तलवार और पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और रावण दहन
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में लेस्लीगंज थाना पुलिस की भूमिका अत्यंत सक्रिय रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था, साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन की निगरानी की गई। कार्यक्रम के अंत में अहंकारी रावण के पुतले का दहन किया गया, जो आकर्षक आतिशबाजी के साथ एक विहंगम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
मंच की शोभा बढ़ाने वाले प्रमुख सदस्य:
आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संरक्षक संचालन समिति के तारकेश्वर पासवान, पिंटू कश्यप, नवल किशोर राय, प्रवीण दुबे, आशुतोष (हम पार्टी जिलाध्यक्ष), बृजेश शुक्ला, संजू शुक्ला, मनी प्रकाश सिंह, मुकेश पुरी, दिनेश तिवारी, अरुण मेहता, संतोष गिरी, राजा चंद्रवंशी, अंकुर राय, श्याम सांवरिया, पप्पू सिंह, गौतम सिंह, संतु विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, सहयोगियों और जिला प्रशासन का इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया है।













Leave a Reply