Advertisement

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के दौरान पीएम मोदी ने नहीं किया लॉकडाउन लगाने का एलान, वायरल दावा फेक- PM Modi Did Not Announce Lockdown Over West Asia War

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान देश में लॉकडाउन लगाने का दावा गलत है। पीएम मोदी का छह साल पुराना वीडियो वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से उत्पन्न हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में बयान दिया था। इस दौरान उन्होंने कोरोना काल का भी जिक्र किया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हो रही हैं।

इनमें पीएम मोदी का वीडियो भी शेयर किया जा रहा है, जिसमें उन्हें यह कहते हुए देखा जा सकता है कि आज रात 12 बजे से पूरे देश में लॉकडाउन लग जाएगा। कुछ यूजर्स इसे हालिया जंग से जोड़कर शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि केंद्र सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। 

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा अफवाह है। केंद्र सरकार ने ऐसा कोई एलान नहीं किया है। पीएम मोदी का वीडियो करीब छह साल पुराना है, जब उन्होंने कोरोना से बचाव के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया था। हाल ही में लोकसभा में दिए गए उनके बयान में कहीं भी लॉकडाउन का जिक्र नहीं किया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘ramavtar__prajapat__’ ने 25 मार्च 2026 को पीएम मोदी का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “आज रात से भारत में लाकडाऊन लगाने का निर्णय लिया गया है कल से हमें ध्यान रखना होगा वरना करोनो जैसी जग को भी हमें लड़ चुके हैं तो हमें इस यूध्द को भी हमें लड़ना होगा।”

वीडियो पर लिखा है, “आज रात्रि 12 बजे से 24 मार्च 2026 को PM नरेंद्र मोदी द्वारा ईरान इजरायल युद्ध को देखते हुए पुरे देश भर में सम्पूर्ण लाकडाऊन लगाने का निर्णय लिया गया है कल से राजस्थान में लगेगी 144।”

इंस्टाग्राम यूजर्स ‘oye__arun__10k’ (आर्काइव लिंक) ने भी ऐसा ही दावा किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले पीएम मोदी का 23 मार्च 2026 को लोकसभा में दिया गया वक्तव्य चेक किया। पीएम मोदी ने लोकसभा में वर्तमान हालात को लेकर सदन को जानकारी दी थी। इसका वीडियो 23 मार्च 2026 को ‘संसद टीवी’ यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था।

हमने इस वीडियो को गूगल जेमिनी एआई की मदद से ट्रांसक्राइब किया। इसमें पीएम मोदी 22:35 मिनट पर कहते हैं, “इस युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। इसलिए हमें तैयार रहना होगा, हमें एकजुट रहना होगा। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। अब हमें फिर से उसी तरह तैयार रहने की आवश्यकता है। धीरज के साथ, संयम के साथ, शांत मन से हमें हर चुनौती का मुकाबला करना है और यही हमारी पहचान है, यही हमारी ताकत है। और हां, हमें बहुत सावधान और सतर्क भी रहना है। हालात का फायदा उठाने वाले झूठ फैलाने का प्रयास करेंगे, ऐसे लोगों की कोशिशों को सफल नहीं होने देना है।” इस वक्तव्य में उन्होंने कहीं भी लॉकडाउन का जिक्र नहीं किया है।

पीएम इंडिया की सरकारी वेबसाइट पर भी 23 मार्च 2026 को इस बयान से संबंधित पूरी रिपोर्ट को देखा जा सकता है। इसमें भी लिखा है, “प्रधानमंत्री ने कहा कि इस युद्ध के कारण पैदा हुई मुश्किल वैश्विक स्थितियां लंबे समय तक बनी रहने की संभावना है। उन्होंने देश से तैयार और एकजुट रहने का आह्वान किया, ठीक वैसे ही जैसे वह COVID-19 महामारी के दौरान एक साथ खड़ा रहा था। धैर्य, संयम और सतर्कता का आग्रह करते हुए, और उन लोगों के प्रति आगाह करते हुए जो झूठ फैलाकर, कालाबाजारी करके या जमाखोरी करके स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश कर सकते हैं। पीएम मोदी ने सदन के माध्यम से सभी राज्य सरकारों से अपील की कि वे ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।” इस पूरी रिपोर्ट में भी कहीं पर लॉकडाउन का जिक्र नहीं किया गया है।

हमें गूगल पर कीवर्ड सर्च में भी ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।

इसके बाद हमने पीएम मोदी के वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यह वीडियो हमें 24 मार्च 2020 को ‘Narendra Modi’ यूट्यूब चैनल पर मिला। इसमें 40 सेकंड के बाद वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें पीएम कोरोना से लड़ाई के लिए लॉकडाउन लगाने का एलान करते हुए देखे जा सकते हैं।

इससे साबित हो गया कि अब लॉकडाउन लगाने का किया जा रहा दावा गलत है।

राजस्थान में धारा 144 लागू होने का दावा

इंस्टाग्राम यूजर ‘ramavtar__prajapat__’ ने यह दावा भी किया है कि 26 मार्च 2026 से राजस्थान में धारा 144 लागू होगी। हमने इस बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली।

इस बारे में हमने राजस्थान के सीनियर जर्नलिस्ट संतोष कुमार पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ और राजस्थान में सब सामान्य है।

अंत में हमने इंस्टाग्राम यूजर ‘ramavtar__prajapat__’ की प्रोफाइल को स्कैन किया। अक्टूबर 2019 में बने इस अकाउंट के करीब 74 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान देश में लॉकडाउन लगाने का दावा गलत है। पीएम मोदी का छह साल पुराना वीडियो वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है।


  • Claim Review : केंद्र सरकार ने लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है।
  • Claimed By : Insta User- ramavtar__prajapat__
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!