Advertisement

ईरान के हमले में इजरायल के सैन्य अड्डे के तबाह होने के दावे से AI वीडियो वायरल- AI Video Claiming Israeli Military Base Destroyed in Iran Attack Goes Viral

ईरान के हमले में इजरायल का सैन्य अड्डा तबाह होने के दावे से एआई वीडियो वायरल हो रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में चल रही अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक एयरपोर्ट पर तबाह हुए विमानों को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो ईरान के हमले में तबाह हुए इजरायल के सैन्य अड्डे का है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई से बना हुआ है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘sakirali8064’ ने 22 मार्च 2026 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “ईरान ने एक बार फिर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करते हुए बंकर से अपनी सबसे घातक और उन्नत मिसाइल को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया है। रक्षा अधिकारियों के अनुसार यह मिसाइल अत्याधुनिक तकनीक से लैस है और लंबी दूरी तक सटीक निशाना साधने में सक्षम बताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस कदम का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वियों को कड़ा संदेश देना और रणनीतिक ताकत का प्रदर्शन करना है। हाल के महीनों में क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस मिसाइल के सामने आने से वैश्विक समुदाय की चिंता भी बढ़ सकती है। हालांकि, आधिकारिक बयान में इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और प्रतिरोध क्षमता को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है।”

वीडियो के ऊपर लिखा है, ब्रेकिंग न्यूज, “Iran attack israel militry बेस पूरा militry बेस तहस नहस हो गया Today update।” इस पर ’22/03/2026′ की तारीख भी दी गई है।

इसके अलावा वीडियो पर गैर-हिंदी भाषा में कुछ लिखा हुआ है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। वायरल क्लिप का लंबा वर्जन हमें फेसबुक यूजर ‘With INC’ की प्रोफाइल पर मिला। 5 मार्च 2026 को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किए गए इस वीडियो को ईरान के हमले में तबाह हुए इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट का बताया गया है।

इस वीडियो में विमान में लगी आग को जगह बदलते हुए देखा जा सकता है। इससे हमें यह वीडियो एआई से बना हुआ लगा।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव मॉडरेशन’ से चेक किया। इसमें इसे 99 फीसदी से अधिक एआई क्रिएटेड बताया गया।

हमने इसे टेनशेंट के ‘Zhuque AI’ वीडियो डिटेक्शन टूल से भी चेक किया। इसमें इसे 78 फीसदी से अधिक एआई संभावित बताया गया।

‘Synth ID’ की एनालिसिस बताती है कि इस वीडियो को गूगल एआई की मदद से बनाया गया है।

इस बारे में हमने एआई एक्सपर्ट अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इसमें जिस तरह से आग दिख रही है, उससे वीडियो के एआई से बने होने का पता चलता है। यह वीडियो असली नहीं है।

इससे यह तो साबित हो गया कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है।

क्या है संदर्भ?

रूस की न्यूज एजेंसी ‘तास’ पर 22 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, “तसनीम न्यूज एजेंसी ने सेना के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि ईरानी सेना ने Arash-2 एडवांस्ड ड्रोन का इस्तेमाल करके इजरायल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया। Arash-2 एक लंबी दूरी का ईरानी हमलावर ड्रोन है, जिसे लगभग 2 हजार किलोमीटर की दूरी पर सटीक हमले करने के लिए डिजाइन किया गया है।”

रॉयटर्स की वेबसाइट पर 18 मार्च 2026 को छपी खबर के मुताबिक, “इजरायल एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने बताया कि तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट पर खड़े तीन प्राइवेट विमानों को नुकसान पहुंचा है। यह नुकसान ईरानी मिसाइलों के मलबे से हुआ, जिन्हें इजरायली हवाई सुरक्षा प्रणालियों ने बीच में ही रोक दिया था। यह नुकसान पिछले कुछ दिनों में हुआ है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के नेतृत्व में ईरान पर हमले शुरू हुए हैं, जिसके जवाब में ईरान ने इजरायल पर मिसाइलें दागी हैं। इसके बाद से देश के मुख्य हवाई अड्डे पर कॉमर्शियल उड़ानें रोक दी गई हैं। बेन गुरियन एयरपोर्ट का इस्तेमाल इजरायली और अमेरिकी सेनाओं द्वारा भी किया जा रहा है।”

‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ की वेबसाइट पर 23 मार्च 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने सुरक्षा स्थिति का आकलन करने और सुरक्षा अधिकारियों की सिफारिशों के बाद तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन पर प्रतिबंधों की घोषणा की है। रेगेव ने कहा कि फिलहाल हवाई अड्डे पर टेक-ऑफ और लैंडिंग की संख्या और यात्रियों की संख्या कम करने का फैसला किया गया है। सोमवार शाम 5 बजे से प्रति घंटे केवल एक उड़ान संचालित की जाएगी, जिसमें आने वाले विमान पर यात्रियों की कोई सीमा नहीं होगी, जबकि जाने वाले विमान में अधिकतम 50 यात्री ही हो सकेंगे। इसका मतलब है कि हवाई अड्डे से जाने वाली उड़ानों में यात्रियों की अनुमानित संख्या मौजूदा 120 से घटकर 50 रह जाएगी। इसके अलावा, अब प्रति घंटे केवल एक उड़ान को टेक-ऑफ करने और एक को लैंड करने की अनुमति होगी, जबकि पहले प्रति घंटे दो विमानों के आने और जाने की अनुमति थी।”

एआई वीडियो को असली समझकर शेयर करने वाले यूजर की इंस्‍टाग्राम प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित इस यूजर के 32 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: ईरान के हमले में इजरायल का सैन्य अड्डा तबाह होने के दावे से एआई वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, ईरान ने ड्रोन का इस्तेमाल करके इजरायल के बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला करने का दावा किया है।


  • Claim Review : यह वीडियो ईरान के हमले में तबाह हुए इजरायल के सैन्य अड्डे का है।
  • Claimed By : Insta User- sakirali8064
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!