Advertisement

Fact Check: Did Iran Shoot Down a US F-35 Know Truth Behind Viral AI Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका-इजरायल के साथ चल रहे युद्ध में ईरान ने अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिकी फाइटर जेट को जमीन पर धाराशायी देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान द्वारा अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस वीडियो को डीपफेक पाया। वायरल हो रहा वीडियो गूगल एआई की मदद से बनाया गया है। हालांकि, ईरान ने अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने मौजूदा मिशन के दौरान एक F-35 जेट के इमरजेंसी लैंडिंग की बात को स्वीकार किया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Azania’ ने 20 मार्च 2026 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “#Iran hit the 5th generation F-35 fighter of the #US Air Force…An American F-35 fighter made an emergency landing at an air base in the Middle East after coming under Iranian fire, sources told CNN.”

(“#ईरान ने अमेरिकी एयर फोर्स की 5वीं पीढ़ी के F-35 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। सूत्रों ने CNN को बताया कि ईरानी हमले की चपेट में आने के बाद एक अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान ने मध्य-पूर्व के एक एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग की।”)

जांच किए जाने तक इस वीडियो को करीब छह लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं और एक हजार से अधिक बार इसे रीपोस्ट किया जा चुका है।

पड़ताल

जांच की शुरुआत हमने न्यूज सर्च से की और हमें कई रिपोर्ट्स मिलीं, जिनमें ईरान के ऊपर चल रहे एक लड़ाकू मिशन के दौरान अमेरिका के एक F-35 लड़ाकू विमान के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई है।

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिकी F-35 फाइटर जेट को नुकसान पहुंचाने का दावा करते हुए एक वीडियो भी जारी किया है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, “अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ईरान के ऊपर एक लड़ाकू मिशन के दौरान अमेरिका का एक F-35 लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त हो गया, जिसकी वजह से मध्य-पूर्व में स्थित एक अमेरिकी एयरबेस पर उसकी आपातकालीन लैंडिंग करवानी पड़ी। पायलट सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर है, लेकिन इस घटना की अब जांच की जा रही है।”

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने ईरान के ऊपर मिशन के दौरान F-35 के इमरजेंसी लैंडिंग की बात को स्वीकार किया है। हालांकि, अभी तक अमेरिका ने इस मामले में ईरानी हमले की बात को सीधे-सीधे स्वीकार नहीं किया है।

फॉक्स न्यूज रिपोर्ट्स में भी F-35 विमान की आपातकालीन लैंडिंग का जिक्र है।

यानी ईरान युद्ध के दौरान F-35 लड़ाकू विमान की आपातकालीन लैंडिंग का दावा सही है। इसके बाद हमने उस वीडियो की जांच की, जिसे इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

इस वीडियो को हमने कई अलग-अलग एआई डिटेक्शन टूल की मदद से चेक किया। ‘Synth ID’ की एनालिसिस बताती है कि इस वीडियो को गूगल एआई की मदद से क्रिएट किया गया है।

वीडियो एनालिसिस में दिख रहा ब्लू कलर एआई डिटेक्शन को दर्शाता है।

गौरतलब है कि यह वाटरमार्क इंसानी आंख से दिखाई नहीं देता, लेकिन इसे उस कंटेंट में एम्बेड किया जाता है, जिसे Google के विभिन्न AI प्रोडक्ट्स में से किसी एक से बनाया या बदला गया हो। ‘सिंथआईडी’ की फुल एनालिसिस को यहां देखा जा सकता है।

इस एनालिसिस के मुताबिक, “इस वीडियो का अधिकांश हिस्सा (करीब दो सेकेंड के फ्रेम को छोड़कर) गूगल एआई की मदद से क्रिएट किया गया है।”

अन्य टूल भी इस वीडियो के एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि करते हैं। हाइव मॉडरेशन की डिटेक्शन एनालिसिस में इस वीडियो के करीब 100 फीसदी एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि होती है, जिसे गूगल के वियो3 से बनाए जाने की संभावना सर्वाधिक है।

Source: hivemoderation.com

क्या है संदर्भ?

‘acleddata.com’ पर मौजूद ईरान संकट इंडेक्स के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 को अमेरिका-इजरायल ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की शुरुआत की थी, जो अब भी जारी है।

इस इंडेक्स में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई, ईरानी पलटवार और अमेरिका-इजरायल की संयुक्त कार्रवाई के ठिकानों को देखा जा सकता है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा युद्ध के कारण ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी कर रखी है, जिसकी वजह से वैश्विक तेल आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। इस संकट से एशियाई देश भी बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं।

इससे पहले एक ऐसे ही एआई-क्रिएटेड वीडियो के जरिए अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन के क्षतिग्रस्त होने का दावा किया गया था, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब एक लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं। ईरान-इजरायल-अमेरिका युद्ध से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: ईरान द्वारा अमेरिकी फाइटर जेट F-35 को निशाना बनाए जाने के दावे के साथ वायरल हो रहा यह वीडियो एआई-क्रिएटेड है, जिसे गूगल एआई की मदद से बनाया गया है। हालांकि, ईरान ने अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक F-35 जेट के मिशन के दौरान इमरजेंसी लैंडिंग की बात को स्वीकार किया है, लेकिन इस मामले में उसने ईरानी हमले की बात को स्वीकार नहीं किया है।


  • Claim Review : ईरानी हमले में धाराशायी F-35 लड़ाकू विमान।
  • Claimed By : X User-Azania
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!