Advertisement

दुबई एयरपोर्ट पर हुए हमले का बताकर एक अन्य हादसे का 5 साल पुराना वीडियो वायरल  Viral video claiming a drone attack at Dubai Airport is misleading

बिल्डिंग में लगी आग के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो दुबई एयरपोर्ट का नहीं है और न ही हाल-फिलहाल का है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है और ‎संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिल्डिंग में लगी आग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है, जहां ईरान ने ड्रोन से हमला किया है। यह वीडियो उसी हमले के बाद का बताया जा रहा है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब पांच साल पुराना है। दरअसल, साल 2020 में ‎संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में भीषण आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Mohammad Chand’ ने 17 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट…ईरान ताबड़तोड़ ड्रोन गिरा रहा है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक्स पर भी यह वीडियो काफी वायरल है।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Fadi Nimer’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 6 अगस्त 2020 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो ‎संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो स्पेनिश यूट्यूब चैनल ‘El Universal’ पर 6 अगस्त 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। रिपोर्ट में इस वीडियो को यूएई में अजमान शहर के मार्केट में लगी आग का बताया गया है।

पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट स्पेनिश न्यूज वेबसाइट ‘pagina12’ पर मिली, जिसे 6 अगस्त 2020 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो यूएई में अजमान शहर के एक मार्केट में लगी आग का है। यह आग शाम 6:30 बजे के करीब लगी थी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू कर दिया था। रात 9 बजे के करीब आग पर काबू पा लिया गया था। यह मार्केट इंडस्ट्रियल एरिया में था। पुलिस प्रमुख अल नुऐमी ने बताया था कि बाजार का कुछ हिस्सा ढह गया और पूरी तरह जल गया। आग लगने के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।

संयुक्त अरब अमीरात की न्यूज वेबसाइट ‘albayan’ पर भी हमें इस दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट मिली, जिसे6 अगस्त 2020 को प्रकाशित किया गया था। अरबी भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग में न किसी की मौत हुई और न ही किसी को क्षति पहुंची थी। आग पर समय से काबू पा लिया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पुराना है, लेकिन दुबई पर ईरान ड्रोन हमले कर रहा है।

क्या है संदर्भ?

अलजजीरा की वेबसाइट पर 16 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के हमलों के मद्देनजर यूएई ने अपना हवाई क्षेत्र कुछ समय के लिए बंद कर दिया था। यूएई के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने देश के हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी। इस कदम को उड़ानों और विमान चालकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए उठाया गया था। यूएई के रक्षा मंत्रालय का कहना था कि वह ईरान की ओर से किए जा रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों को लगातार रोक रहा है।

बीबीसी की वेबसाइट पर 16 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास ड्रोन से अटैक किये थे। यूएई के फ्यूल टैंकर को भी निशाना बनाया गया। एयरपोर्ट के पास हुए ड्रोन अटैक की वजह से नजदीकी जगह पर आ भी लग गई थी। इन्हीं हमलों के मद्देनजर यूएई ने अपना हवाई क्षेत्र कुछ समय के लिए बंद कर दिये थे।

28 फरवरी को शुरू हुआ अमेरिका-इजरायल और ईरान का युद्ध अब तीसरे हफ्ते में हैं। ‘अलजजीरा’ की वेबसाइट पर 2 मार्च 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “28 फरवरी को जब ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत चल रही थी, तब US और इजरायल ने ईरान पर हमले किए। ईरान ने उसी दिन पूरे क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन से जवाबी हमले किए, जिनमें इजरायल के साथ-साथ बहरीन, सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और इराक में US मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया गया। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हमलों में मौत की पुष्टि के एक दिन बाद, ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में US के ठिकानों पर हमला करना जारी रखा है।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 13 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिल्डिंग में लगी आग के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वायरल हो रहा वीडियो दुबई एयरपोर्ट का नहीं है और न ही हाल-फिलहाल का है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है और ‎संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग का है।


  • Claim Review : दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरान के हमले का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Mohammad Chand
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!