मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुरा स्थित बाबा बासगुरु मंदिर परिसर में रविवार को सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। काशी और बनारस से पधारे विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार और ढोल-नगाड़ों की थाप ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।
सांसद की अर्धांगिनी ने उठाया पहला कलश
कलश यात्रा की शुरुआत मुख्य अतिथि चतरा सांसद कालीचरण सिंह की धर्मपत्नी ने अपने माथे पर कलश उठाकर की। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने कलश धारण कर क्षेत्र का भ्रमण किया। यह यात्रा सोनपुरा, बलियारी और टिकुलिया सहित कई गांवों से गुजरते हुए बलियारी शिवाला घाट पहुंची, जहां पवित्र जल भरकर पुनः यज्ञ स्थल पर संपन्न हुई।
सात दिनों तक बहेगी भक्ति की बयार
यज्ञ समिति के सदस्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह रुद्र महायज्ञ सात दिनों तक निरंतर चलेगा। अनुष्ठान के दौरान प्रतिदिन:
- सुबह: वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना।
- संध्या: काशी के विद्वानों द्वारा संगीतमय राम कथा।
- रात्रि: महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन।
धार्मिक अनुष्ठान से आती है सुख-शांति
धर्म सभा को संबोधित करते हुए सांसद की अर्धांगिनी ने कहा कि कलयुग में इस तरह के धार्मिक आयोजनों से न केवल क्षेत्र में सुख-शांति आती है, बल्कि लोगों का झुकाव अध्यात्म की ओर बढ़ता है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए, जिनमें मुख्य रूप से:
तरहसी पूर्वी जिला परिषद सदस्य रूपवती देवी, नौगढ़ मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष विजय शंकर पाण्डेय, उप प्रमुख अजय सिंह, राजेंद्र सिंह, मंझौली पंचायत मुखिया अनुज सिंह, पूर्व जिला परिषद दयानंद सिंह, बिपिन बिहारी साव, डॉ. निरंजन कुमार, भावी मुखिया प्रत्याशी प्रदीप साव, उपेंद्र सिंह, शशिभूषण पासवान, मीडिया प्रभारी सतीश पासवान, रामप्रसाद सिंह और गिरेंद्र प्रभाकर सहित हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे।













Leave a Reply