Advertisement

Fact Check: एक म‍िनट में इस्‍तीफा देने वाला केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का दो साल पुराना बयान अब वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में एक म‍िनट में इस्‍तीफा देने वाला केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान का वायरल वीडियो दो साल पुराना है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के जमुई में 19 सितंबर 2026 की देर शाम नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के बाद केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने ऐसी घटना पर शर्मिंदगी व्यक्त करते हुए ब‍िहार सरकार से कठोर कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद से सोशल मीड‍िया पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में उन्हें यह कहते हुए देखा जा सकता है क‍ि वह अपने प‍िता की तरह एक म‍िनट में इस्‍तीफा दे सकते हैं। इस वीड‍ियो को जमुई छेड़छाड़ कांड के बाद का बताकर कई सोशल मीडि‍या यूजर्स वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने व‍िस्‍तार से वायरल पोस्‍ट की जांच की। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल पोस्‍ट भ्रामक है। दरअसल, वायरल वीड‍ियो दो साल पुराना है। ब‍िहार में एक कार्यक्रम के दौरान आरक्षण के मुद्दे पर चिराग पासवान ने लोगों को संबोध‍ित करते हुए यह बात कही थी। जमुई की घटना के बाद उन्‍होंने यह बयान नहीं द‍िया था।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘भानुप्रताप सोलंकी’ ने 29 स‍ितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “मेरे समाज को परेशानी हुई तो एक मिनट में त्याग दूँगा केंद्रीय मंत्री का पद, वैसे भी भाजपा के अंत की शुरुआत हो चुकी है, भक्तों ये मैं नहीं मोदी का हनुमान, कह रहे हैं चिराग पासवान। हमारे वाले तो नेताजी की गाड़ी की सीट ना छोड़ेंगे पद तो बहुत दूर की बात है।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स वायरल कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्‍यूज ने वायरल वीड‍ियो की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स न‍िकाले। फ‍िर इन्‍हें गूगल लेंस टूल की मदद से सर्च किया गया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी खबर ‘एबीपी न्‍यूज’ के यूट्यूब चैनल पर म‍िली। इस र‍िपोर्ट को एक अक्‍टूबर 2024 को पोस्‍ट क‍िया गया था। इसमें च‍िराग पासवान को वायरल वीड‍ियो वाला बयान देते हुए देखा जा सकता है। साथ में ल‍िखा गया, “पटना के एसके मेमोरियल हॉल में पार्टी के एससी-एसटी प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में चिराग पासवान शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यह बड़ा बयान दिया है।”

सर्च के दौरान हमें ‘जागरण डॉट कॉम’ पर एक खबर म‍िली। एक अक्‍टूबर 2024 की इस खबर में बताया गया, “पटना में आयोजित लोजपा के अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ की बैठक में चिराग ने दो टूक कहा कि वह अपनी और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान ने भी मंत्री पद छोड़ने में देरी नहीं की थी।”

खबर में आगे ल‍िखा गया, “चाहे किसी भी गठबंधन में रहूं, किसी भी मंत्री पद पर रहूं, जिस दिन मुझे लगा कि संविधान और आरक्षण के साथ खिलवाड़ हो रहा है, मंत्री पद को लात मार दूंगा। जैसे मेरे पिता ने एक मिनट में मंत्री पद त्याग दिया था, उसी तरह एक मिनट में मंत्री पद त्याग दूंगा।- चिराग पासवान।”

सर्च के दौरान हमें वायरल बयान से जुड़ी खबर ‘ईटीवी भारत’ की वेबसाइट पर भी म‍िली। इसे 30 स‍ितंबर 2024 को प्रकाश‍ित किया गया था। खबर में बताया गया, “चिराग पासवान ने पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पार्टी के SC-ST प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में कहा क‍ि जिस दिन चिराग पासवान को लगेगा कि गठबंधन में मेरे लोगों के साथ अन्याय हो रहा है, या फिर हम लोगों की बातों को सुना नहीं जा रहा है तो फिर मेरे पिता ने भी एक मिनट नहीं सोचा था मंत्री पद को लात मारने से पहले, मुझे भी नहीं लगेगा।”

जांच के अगले चरण में हमें यह जानना था क‍ि केंद्रीय मंत्री च‍िराग पासवान ने जमुई कांड के बाद क्‍या बयान द‍िया था। कीवर्ड सर्च के जर‍िए हमें च‍िराग पासवान का हाल‍िया बयान म‍िला। जमुई कांड पर च‍िराग पासवान ने मीडि‍या से बात करते हुए कहा, “यद‍ि एक भी ऐसी घटना अगर ब‍िहार में हम लोगों के रहते घटती है तो हम लोगों के ल‍िए शर्म से डूबने की बात है।” च‍िराग पासवान के इस बयान को ‘एएनआई’ के एक्‍स हैंडल पर 25 स‍ितंबर 2026 को पोस्‍ट क‍िया गया था।

इस वीड‍ियो को च‍िराग पासवान के ऑफ‍िस के एक्‍स हैंडल से भी 25 स‍ितंबर 2026 को पोस्‍ट क‍िया गया। साथ में ल‍िखा गया, “युवतियों के साथ लगातार सामने आ रही घटनाएं बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं और निश्चित रूप से शर्मनाक भी हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर हम अपनी जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ सकते। किसी भी परिस्थिति में ऐसी घटनाओं को बिना उचित कार्रवाई के होने नहीं दिया जा सकता। लेकिन मेरा स्पष्ट मानना है कि केवल गिरफ्तारी या मुठभेड़ से ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगेगी। उन अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए, जिनकी आंखों के सामने ऐसी शर्मनाक घटनाएं घटित होती हैं और जो उन्हें रोकने में विफल रहते हैं। मेरे लिए यह बेहद चिंता का विषय है कि हमारी सरकार के रहते अपराधी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने का दुस्साहस कर रहे हैं। उनका मनोबल इतना बढ़ जाना कि वे दिनदहाड़े इस तरह की हरकत करने की हिम्मत करें, हम सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है और निश्चित रूप से मुझे भी इसकी चिंता है।”

विश्वास न्‍यूज ने जांच के दौरान दैनिक जागरण, ब‍िहार के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि चिराग पासवान के नाम पर वायरल हो रहा बयान पुराना है।

विश्वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के ब‍िहार प्रदेश मीड‍िया प्रभारी न‍िशांत म‍िश्रा से संपर्क क‍िया। उन्‍होंने भी पुष्‍ट‍ि करते हुए बताया क‍ि चिराग पासवान का वायरल बयान बहुत पुराना है।

क्या है संदर्भ?

ब‍िहार के जमुई में 19 स‍ितंबर 2026 की देर शाम 10वीं की छात्रा से छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। इसका वीड‍ियो वायरल होने के बाद पुल‍िस ने केस दर्ज क‍िया था। इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार क‍िया जा चुका है। घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव को भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ‘भास्‍कर डॉट कॉम’ की 28 स‍ितंबर 2026 की खबर में इसके बारे में व‍िस्‍तार से पढ़ा जा सकता है।

दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री च‍िराग पासवान ने ब‍िहार सरकार को आड़े हाथों लेते हुए दोष‍ियों और ज‍िम्‍मेदार अफसरों के ख‍िलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जांच के अंत में हमने केंद्रीय मंत्री च‍िराग पासवान के पुराने बयान को अब वायरल करने वाले यूजर की जांच की। इस अकाउंट की सोशल स्‍कैन‍िंग में पता चला क‍ि यूजर को फेसबुक पर आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर खुर्जा का रहने वाला है। यह अकाउंट मई 2015 में बनाया गया था।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में एक म‍िनट में इस्‍तीफा देने वाला केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान का वायरल वीडियो दो साल पुराना है। जमुई छेड़छाड़ कांड के बाद उन्‍होंने ब‍िहार सरकार को आगाह करते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


  • Claim Review : जमुई कांड के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने द‍िया एक म‍िनट में इस्‍तीफा देने वाला बयान।
  • Claimed By : FB User Bhanu Solanki
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!