Advertisement

चुनाव आयोग के खिलाफ की गई राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को शोरूम में सभी टीवी पर दिखाने वाली वायरल तस्वीर फर्जी Photo shown on TV channels regarding Rahul Gandhi press conference is not real

एक शोरूम में मौजूद सभी टीवी पर SIR पर चुनाव आयोग के खिलाफ की गई राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस दिखाई जाने वाली तस्वीर विश्वास न्यूज की पड़ताल में फर्जी निकली। असली तस्वीर जयपुर के एक शोरूम की है, जहां मौजूद सभी टीवी पर अलग-अलग वॉलपेपर लगे हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय चुनाव आयोग ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) प्रक्रिया को लेकर सवालों के घेरे में है। इस विवाद को उठाते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 24 सितंबर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। फोटो में एक शोरूम में लगे सभी टीवी पर राहुल गांधी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को देखा जा सकता है। इस तस्वीर को यूजर्स सच मानकर राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए शेयर कर रहे हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल तस्वीर को एआई की मदद से तैयार किया गया है। असली तस्वीर जयपुर स्थित एक शोरूम की है, जिसमें सभी टीवी पर अलग-अलग वॉलपेपर दिख रहे हैं। एआई की मदद से इस फोटो में बदलाव कर अब फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘रविंद्र जालिंदर साळुंखे-पाटील’ ने 24 सितंबर 2026 को वायरल तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “देश का मूड बदल रहा है जो कल तक राहुल गांधी जी को trol कर रहे थे झूट बोल के बदनाम कर रहे थे उनको भी राहुल गांधी जी के सत्य ने सच मानने पे मजबूर किया है! Desh की लभगभ हर Screen कुछ इस तरह दिखाई दे रही है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें असली तस्वीर ‘Agoan Electronics’ नाम की एक वेबसाइट पर मिली। इस फोटो में देखा जा सकता है कि शोरूम में लगे सभी टीवी पर अलग-अलग वॉलपेपर लगे हुए हैं। किसी भी टीवी पर राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं चल रही है। वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, ‘Agoan Electronics’ जयपुर स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। 

दोनों तस्वीरों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है। 

वायरल फोटो को एआई की मदद से एडिट किया गया है या नहीं, यह जानने के लिए हमने ‘Sight Engine’ की मदद ली। Sight Engine के एनालिसिस में वायरल फोटो के एआई से बने होने के करीब 91 फीसदी संकेत मिले।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने ‘Decopy’ टूल का भी इस्तेमाल किया। इस टूल ने भी 97 फीसदी तक वायरल तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना जताई। 

अधिक जानकारी के लिए हमने एआई एक्सपर्ट डॉ. अजहर माचवे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर को बनाने के लिए एआई का इस्तेमाल किया गया है। इसमें बड़े अक्षर तो सही दिख रहे हैं, लेकिन छोटे लिखे हुए अधिकतर अक्षर सही नहीं हैं। गौर से देखने पर कई टीवी स्क्रीन की तस्वीरें अटपटी लगती हैं। 

क्या है संदर्भ?

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIR) प्रक्रिया को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इस रिपोर्ट में एसआईआर प्रक्रिया को सही से लागू नहीं किए जाने को लेकर कई बातें बताई गई हैं और इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल भी उठाए गए हैं। इतना ही नहीं, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय चुनाव आयोग की तीन सदस्यों वाली टीम में एसआईआर को लेकर विवाद है। कुछ अंदरूनी फैसलों पर तीन चुनाव आयुक्तों में से दो, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई बार आपत्ति जताई है। कई मुद्दों पर दोनों ने पिछले 10 महीनों में लगभग 14 बार अपनी आपत्ति दर्ज की है।

राहुल गांधी ने इसी रिपोर्ट और पूरी एसआईआर प्रक्रिया को लेकर 24 सितंबर 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया था। इस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह पिछले तीन सालों से लगातार ‘वोट चोरी’ के सबूतों को जमा कर रहे हैं और इस मुद्दे को उठा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 7,600 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को मुंबई का रहने वाला बताया है। वह फेसबुक पर 10 जनवरी 2022 से सक्रिय हैं।

निष्कर्ष: एक शोरूम में मौजूद सभी टीवी पर SIR पर चुनाव आयोग के खिलाफ की गई राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस दिखाई जाने वाली तस्वीर विश्वास न्यूज की पड़ताल में फर्जी निकली। असली तस्वीर जयपुर के एक शोरूम की है, जहां मौजूद सभी टीवी पर अलग-अलग वॉलपेपर लगे हैं।


  • Claim Review : चुनाव आयोग के खिलाफ की गई राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को शोरूम में सभी टीवी पर दिखाया गया।
  • Claimed By : FB User रविंद्र जालिंदर साळुंखे-पाटील
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!