Advertisement

सार्वजनिक स्थल पर अड्डाबाजी का विरोध करने पर पुलिस से बदसलूकी, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

 

नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू ): सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और अड्डाबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लेस्लीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया।
​गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पिता विजय राम), रितेश कुमार और श्रीकांत कुमार पिता नरेश राम के रूप में हुई है। सभी आरोपी स्थानीय क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

देवी मंडप के समीप कर रहे थे अड्डाबाजी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के साहद देवी मंडप के समीप कुछ असामाजिक तत्व जमा होकर अड्डाबाजी कर रहे थे। स्थानीय स्तर पर सूचना मिलने के बाद पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने सार्वजनिक स्थान पर बेवजह मजमा लगाने और अड्डाबाजी करने से युवकों को मना किया तथा वहां से हटने की हिदायत दी।

​अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अंगरक्षक से हाथापाई व बदसलूकी

पुलिस की ओर से दी गई समझाइश के दौरान वहां मौजूद युवक आक्रोशित हो गए और पुलिस टीम के साथ बहस करने लगे। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आरोपियों ने लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (SDPO) प्रशांत कुमार के अंगरक्षक के साथ कथित तौर पर हाथापाई व बदसलूकी शुरू कर दी। आरोपियों ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अमर्यादित आचरण किया, बल्कि सरकारी काम में रोड़ा भी अटकाया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया।

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: थाना प्रभारी 

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अड्डाबाजी, नशाखोरी या मनमानी करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार, ऑन-ड्यूटी सरकारी सेवकों के काम में बाधा डालने या पुलिस बल के साथ अभद्रता करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!