Advertisement

ममता के दो सांसद मोदी के मंत्री बनेंगे

इस वर्ष अधिकमास की वजह से एक महीने तक शुभ कार्य नहीं करने की जो बाधा थी वह खत्म हो गई है। हालांकि इसी अधिकमास में डीके शिवकुमार ने शपथ ली और पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु में मंत्रियों की भी शपथ हुई। परंतु केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल को लेकर इस अधिकमास को बाधा माना जा रहा था। अब वह बाधा भी दूर हो गई है। तो क्या अब जल्दी ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कुछ मंत्रियों की छुट्टी होगी और नए मंत्रियों की शपथ कराई जाएगी? जानकार सूत्रों का कहना है कि इसकी तैयारी चल रही है। तैयारी चलने की बात काफी समय से हो रही है। अब उसके आगे की तैयारी की चर्चा है। बताया जा रहा है कि भाजपा को सिर्फ अपने सांसदों में से मंत्री बनाने होते तो अब तक यह काम हो चुका होता। लेकिन उसे अपने सांसदों के साथ साथ नए सांसदों को भी मंत्री बनाना है। नए सांसद इधर उधर से जुटाए जा रहे हैं। जैसे ममता बनर्जी की पार्टी के 20 सांसदों को नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया में ज्वाइन कराया गया है। इसी तरह से कुछ और सांसद जुटाए जा रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों को मंत्री बनाया जाएगा।

जानकार सूत्रों का कहना है कि ममता बनर्जी की पार्टी के जो 20 सांसद एनसीपीआई में शामिल हुए हैं। उनमें से दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। सुदीप बंदोपाध्याय का नाम सबसे पहले लिया जा रहा है। सोचें, ममता बनर्जी के सबसे करीबी नेता रहे हैं सुदीप बंदोपाध्याय। उनकी पत्नी नैना बंदोपाध्याय को ममता ने बंगाल चुनाव के बाद विधानसभा में उप नेता बनाया था। कहा जाता है कि 24 घंटे की ममता बनर्जी की कम्पैनियन रही हैं। लेकिन अब सुदीप को मंत्री बनाया जा रहा है। ममता के सांसदों में से मंत्री बनने वालों में दूसरा नाम शर्मिला सरकार का है। वे वर्धमान से सांसद हैं। हालांकि यह पक्का नहीं है। कहा जा रहा है कि दूसरा नाम किसी महिला का ही होगा। काकोली घोष दस्तीदार से लेकर शताब्दी रॉय और सायोनी घोष तक ममता की ज्यादातर महिला सांसद उनका साथ छोड़ गई हैं। सोचें, ममता ने बिना महिला आरक्षण के पिछले लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी की 33 फीसदी टिकट महिलाओं को दी थी।

बहरहाल, ममता बनर्जी के दो सांसदों के अलावा खबर है कि उद्धव ठाकरे के एक सांसद को भी मंत्री बनाया जा सकता है। पिछले कई दिनों से ऑपरेशन टाइगर के तहत उनकी पार्टी टूटने की चर्चा है। इन चर्चाओं के बाद उन्होंने मातोश्री में एक बैठक बुलाई। पहले तो खबर थी कि उनके छह सांसद गैरहाजिर रहे हैं। लेकिन बाद में संजय राउत ने कहा कि चार सांसद मौजूद थे और पांच ऑनलाइन जुड़े थे। उन्होंने चर्चाओं को समाप्त कर दिया है। फिर भी उनके सात सांसदों के टूटने की चर्चा चल रही है। ऐसे ही अरविंद केजरीवाल के एक राज्यसभा सांसद को मंत्री बनाया जा सकता है। उनकी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए हैं। दिल्ली की महिला सांसद स्वाति मालीवाल बहुत जोर लगा रही हैं। नरेंद्र मोदी की सरकार के 12 साल पूरे होने पर उन्होंने मंदिर में जिस भक्ति भाव से प्रार्थना की, उसके बाद उनके नाम की चर्चा तेज है। हालांकि चुनाव पंजाब में होने हैं तो वहां के पाला बदलने वाले छह सांसद भी उम्मीद लगाए हुए हैं। जो हो इस बार भाजपा से ज्यादा दूसरी पार्टियों के सांसद केंद्र सरकार में मंत्री बनने की आस लगाए हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!