Advertisement

बहू को गंदी नजर से देखने पर नहीं, संपत्ति विवाद में बेटे ने की थी बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई Son brutally beat elderly father over a property dispute, not for leering at his daughter-in-law.

बुजुर्ग के साथ मारपीट करते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो सहारनपुर में रहने वाले पिता और बेटे का है। दोनों एक ही समुदाय से हैं। आरोपी व्यक्ति ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने पिता के साथ बदसलूकी और मारपीट की थी। पुलिस ने बहू को गलत नजर से देखने और सांप्रदायिक हमले, दोनों ही दावों का खंडन किया है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक बुजुर्ग की पिटाई करते एक शख्स का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग घर के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए हैं। तभी एक व्यक्ति आता है और उन्हें पीटने लगता है। इसे शेयर कर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कई यूजर्स इस पोस्ट को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि बुजुर्ग शख्स अपनी बहू और नातिन को गंदी नजर से देखते थे, इसलिए उनके बेटे ने उनकी पिटाई कर दी। कई यूजर्स तो इस वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर कर लिख रहे हैं कि आरोपी शख्स ने बुजुर्ग को टोपी पहनने की वजह से पीटा। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में यह वीडियो सहारनपुर में रहने वाले पिता और बेटे का है, जो एक ही समुदाय से हैं। आरोपी व्यक्ति ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने पिता के साथ बदसलूकी और मारपीट की थी। पुलिस ने दोनों वायरल दावों का खंडन किया है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

एक्स यूजर ‘Mayank Upadhyay’ ने 9 जून 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “चिचा ने अपनी बहू (बेटे की पत्नी) के साथ s***  और अपनी नातिन को भी उसी नजर से देखना चाहा बेटे ने पे** दिया यह क़ौम ही ख़राब है सा** की ना बहन देखते ना बेटी ना बहू ना नातिन आक थू।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक अन्य एक्स यूजर ‘Romana Khan’ ने 11 जून 2026 को इस वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर करते हुए अंग्रेजी में लिखा, “एक गरीब, बुजुर्ग और दिव्यांग मुस्लिम व्यक्ति के साथ सिर्फ नमाज की टोपी पहनने की वजह से एक हिंदुत्ववादी बदमाश ने बेहद बेरहमी और अमानवीय तरीके से बर्बरता की।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट ‘यूपी तक’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। पोस्ट में वायरल वीडियो को 9 जून 2026 को शेयर करते हुए बताया गया है कि यह वीडियो सहारनपुर में हुई घटना का है। संपत्ति विवाद को लेकर बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी। मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। फिर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 जून 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के थाना कुतुबशेर क्षेत्र स्थित मानकमऊ में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता को सरेआम पीटा, गालियां दीं, थप्‍पड़ मारे और गला दबाने की कोशिश की। बेटे की यह शर्मनाक हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सलाखों के पीछे डाल दिया। अब बुजुर्ग पिता ही पुलिस से गुहार लगा रहा है कि उसके बेटे को छोड़ दिया जाए।”

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 9 जून 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, बुजुर्ग पिता का नाम तहसीन और आरोपी बेटे का नाम गुलफिशान है। बेटे ने पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते अपने पिता के साथ मारपीट की थी। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और किसी ने इसे वायरल कर दिया। स्थानीय पुलिस ने तुरंत इस अमानवीय कृत्य का संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को अपनी हिरासत में ले लिया।

वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट हमें दैनिक जागरण के ई-पेपर में 9 जून 2026 को प्रकाशित मिली। इस रिपोर्ट में भी विवाद को संपत्ति का ही बताया गया है।

9 जून 2026, सहारनपुर संस्करण, दैनिक जागरण

अधिक जानकारी के लिए हमने कुतुबशेर थाना क्षेत्र के इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह मामला संपत्ति विवाद का है। पिता और बेटे के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी को लेकर बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से पिटाई की थी। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। हालांकि, उसके पिता ने थाने में आकर पुत्र के पक्ष में लिखकर दिया कि वह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर ‘Mayank Upadhyay’ के अकाउंट को खंगाला। हमने पाया कि यूजर को 23 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुजुर्ग के साथ मारपीट करते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो सहारनपुर में रहने वाले पिता और बेटे का है। दोनों एक ही समुदाय से हैं। आरोपी व्यक्ति ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने पिता के साथ बदसलूकी और मारपीट की थी। पुलिस ने बहू को गलत नजर से देखने और सांप्रदायिक हमले, दोनों ही दावों का खंडन किया है। 


  • Claim Review : बहू को गंदी नजर से देखने पर बेटे ने पिता को पीटा।
  • Claimed By : X User Mayank Upadhyay
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!