Advertisement

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंदिरों व मस्जिदों से पैसा लेकर PM केयर्स फंड में जमा करने की बात नहीं कही, दैनिक जागरण का एडिटेड पोस्टकार्ड वायरल- Did Rajnath Singh Ask for Temple and Mosque Funds for PM CARES Know Truth behind news

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंदिरों व मस्जिदों से पैसा लेकर पीएम केयर्स फंड में जमा करवाने वाला बयान नहीं दिया है। जागरण डॉट कॉम के पोस्टकार्ड को एडिट करके गलत दावा किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में उपजे तनाव के बाद कई देशों को ऊर्जा संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन की बचत करने और विदेशी मुद्रा की बचत के लिए एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी।

अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक कथित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल पोस्टकार्ड में राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ दावा किया गया है कि उन्होंने मंदिरों और मस्जिदों के पैसों को पीएम केयर्स फंड में जमा कराए जाने की अपील की है। 

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि राजनाथ सिंह ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल पोस्टकार्ड फेक है। ‘जागरण डॉट कॉम’ के सोशल मीडिया टेंपलेट को एडिट कर रक्षा मंत्री का फेक बयान जोड़ दिया गया है और इसे सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘विद्रोही किसान’ ने 9 जून 2026 को एक पोस्टकार्ड शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ लिखा है, “मन्दिर और मस्जिदों मे जीतना भी पैसा है वो सारा पैसा PM केयर फंड में जमा करवा देना चाहिए इस समय देश को उन पैसों की जरूरत है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। अगर राजनाथ सिंह ने वायरल पोस्टकार्ड जैसा कोई बयान दिया होता, तो वह सुर्खियों में जरूर आता।

हमने वायरल पोस्टकार्ड को गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया, तो ‘दैनिक जागरण’ के इंस्टाग्राम हैंडल से 5 जून 2026 को की गई एक पोस्ट हमें मिली। इसमें राजनाथ सिंह की तस्वीर के साथ लिखा है, “संकल्प निश्चित रूप से होगा पूरा, भारत का हिस्सा बनेगा PoK। लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान।” पोस्ट के अनुसार, राजनाथ सिंह ने यह बयान 5 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित जगद्गुरु रामभद्राचार्य की रामकथा में दिया था।

‘आजतक’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “लखनऊ में श्रीराम कथा कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें राजनाथ सिंह भी मौजूद रहे। इस दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि अगर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ दो दिन और चलता तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) भारत का हिस्सा होता। उस दौरान पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था। उन्होंने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी यह इच्छा जताई थी।”

वायरल पोस्टकार्ड और दैनिक जागरण के इंस्टाग्राम हैंडल से की गई पोस्ट में केवल राजनाथ सिंह का बयान अलग है, बाकी सब एक जैसा है।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण डिजिटल’ के मैनेजिंग एडिटर अनिल पांडे से संपर्क किया। उन्होंने इसे फेक बताया।

क्या है संदर्भ?

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक साल तक सोना नहीं खरीदने और खाने के तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील लोगों से की थी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने ईंधन की बचत करने की भी देशवासियों से अपील की थी। ‘बीबीसी’ की वेबसाइट पर 10 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में इस जानकारी को पढ़ा जा सकता है।

बता दें कि 28 फरवरी 2026 को पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू हुआ था। इसके बाद अप्रैल में युद्धविराम हो गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बरकरार है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की वेबसाइट पर 10 जून 2026 को दी गई जानकारी के अनुसार, “अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी हेलीकॉप्टर को मार गिराने का आरोप लगाया है। इसके बाद 10 जून को अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, उनकी वायु सेना और नौसेना के जेट विमानों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी एयर डिफेंस, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और सर्विलांस रडार साइटों पर हमले किए। इसके पहले इजरायल ने 9 जून को दक्षिणी लेबनान पर फिर से हमले किए थे।”

जांच के अंत में फेक पोस्टकार्ड शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूपी के उन्नाव के रहने वाले फेसबुक यूजर के करीब 12 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंदिरों व मस्जिदों से पैसा लेकर पीएम केयर्स फंड में जमा कराए जाने संबंधी कोई बयान नहीं दिया है। जागरण.कॉम के पोस्टकार्ड को एडिट कर उनके नाम से फेक बयान को सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है।


  • Claim Review : राजनाथ सिंह ने मंदिरों और मस्जिदों से पैसे लेकर पीएम केयर्स फंड में जमा करवाने की बात कही है।
  • Claimed By : FB User- विद्रोही किसान
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!