Advertisement

दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में लगी आग का नहीं, फिलीपींस का है यह वायरल वीडियो Viral video is from Philippines not of fire at a hotel in Delhi Malviya Nagar

बिल्डिंग में लगी आग से महिला को बचाने वाले वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संंबंध नहीं है। यह वीडियो दिसंबर 2025 में फिलीपींस में हुए एक हादसे का है, जिसे अब गलत दावे के साथ दिल्ली का बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में लगी आग की घटना से जोड़ कर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बिल्डिंग में आग लगी हुई है और एक महिला को बालकनी के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 3 जून 2026 को फ्लरिश स्टे होटल में लगी आग का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संंबंध नहीं है। यह वीडियो दिसंबर 2025 में फिलीपींस में हुए एक हादसे का है, जिसे अब गलत दावे के साथ दिल्ली का बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

इंस्टाग्राम यूजर ‘oye_ajay111’ ने 4 जून 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दिल्ली में मौत का तांडव ! 6 मंजिला होटल में लगी भीषण आग, 21 लोगों की दर्दनाक मौत….राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे (फ्लोरिश स्टे) बी&बी होटल में बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग ग्राउंड फ्लोर के रेस्टोरेंट से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन @SouthChinaMorningPost नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 11 दिसंबर 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो फिलीपींस में हुई घटना का है। दरअसल 10 दिसंबर 2025 को एक इमारत में आग लग गई थी। वीडियो में दिख रही महिला ने खुद बचने से पहले अपने दो कुत्तों को बचाया था।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘the standard’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 12 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का यह वीडियो फिलीपींस के Mandaue शहर का है। महिला जिस बिल्डिंग में रहती थी, वहां आग लग गई थी। महिला ने पहले अपने दो कुत्तों को बचाया और फिर खुद नीचे आई। यह वीडियो उस दौरान काफी वायरल हुआ था और कुत्तों को पहले बचाने के लिए महिला की खूब प्रशंसा हुई थी। इतना ही नहीं प्रशासन ने भी महिला की सराहना की थी। 

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां और यहां देखा जा सकता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दिल्ली दैनिक जागरण के रिपोर्टर शुजाउद्दीन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो मालवीय नगर के फ्लरिश स्टे होटल में लगी आग का नहीं है। 

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि  दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में 3 जून 2026 को फ्लरिश स्टे होटल में आग लग गई थी। इस हादसे में करीब 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। मरने वाले लोगों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस हादसे के बाद फ्लरिश स्टे होटल के मालिक को गिरफ्तार कर चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। इस मामले की जांच जारी है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को दो हजार लोग फॉलो करते हैं। 

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिल्डिंग में लगी आग से महिला को बचाने वाले वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संंबंध नहीं है। यह वीडियो दिसंबर 2025 में फिलीपींस में हुए एक हादसे का है, जिसे अब गलत दावे के साथ दिल्ली का बताते हुए वायरल किया जा रहा है। 


  • Claim Review : मालवीय नगर के फ्लरिश स्टे होटल में लगी आग का वीडियो।
  • Claimed By : Inst User oye_ajay111
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!