Advertisement

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे के शामिल होने का दावा गलत, वायरल तस्वीर एआई निर्मित है- Did Anna Hazare attend Cockroach Janata Party press conference Know truth behind news

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे के शामिल होने का दावा गलत है। वायरल तस्वीर एआई निर्मित है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक विवादित टिप्पणी के बाद शुरू हुए व्यंगात्मक अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रवक्ताओं ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की जानकारी देने के लिए दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे भी देखे जा सकते हैं। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सीजेपी के प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे भी शामिल हुए।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल तस्वीर एआई निर्मित है। अन्ना हजारे सीजेपी के प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए थे। वायरल दावा गलत है।  

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Dr Nripendra Narayan Singh’ ने 4 जून 2026 को एक तस्वीर शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भारतीय लोकतंत्र मुझे शुरू से पता था कि यह सब पहले से प्लान किया हुआ था। BJP की पॉपुलैरिटी कम हो रही थी, और कांग्रेस फिर से अपना असर दिखाने लगी थी। इसलिए केजरीवाल ने कांग्रेस को एक बार फिर कमज़ोर करने के लिए यह CJP ड्रामा किया। जैसे अन्ना हज़ारे के साथ IAC मूवमेंट हुआ था, वैसा ही फिर से हो रहा है… यह IAC 2.0 है। केजरीवाल कभी भी BJP के खिलाफ़ नहीं थे; वह हमेशा कांग्रेस के खिलाफ़ थे। वह कभी नहीं चाहते थे कि Rahul Gandhi प्राइम मिनिस्टर बनें।”

पड़ताल

वायरल तस्वीर को हमने गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रवक्ता आशुतोष रांका के इंस्टाग्राम अकाउंट ‘ashutosh_ranka’ से से 3 जून 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस की तस्वीर पोस्ट की गई थी। इसमें अन्ना हजारे नहीं दिख रहे हैं।

‘द ट्रिब्यून’ के यूट्यूब चैनल ने 3 जून 2026 को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का लाइव प्रसारण किया था। इसमें भी अन्ना हजारे नहीं हैं।

‘द हिंदू’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को अपडेटेड एक रिपोर्ट में भी सीजेपी के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की तस्वीर दी गई है। इसमें भी अन्ना हजारे नहीं हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सीजेपी ने 3 जून 2026 को अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली में आयोजित की। इसमें प्रवक्ताओं ने 6 जून को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन की जानकारी दी। इसमें प्रवक्ता सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका मौजूद रहे। इस खबर में अन्ना हजारे का कोई जिक्र नहीं मिला।

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के एक्स अकाउंट से 4 जून 2026 को वायरल तस्वीर को पोस्ट करते हुए इसे फेक बताया गया है।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल तस्वीर फेक है। इसके एआई से बने होने की संभावना को देखते हुए हमने इसे ‘साइट इंजन’ और ‘अनडिटेक्टेबल’ से चेक किया। साइट इंजन और अनडिटेक्टेबल पर इसे एआई संभावित बताया गया।

Sightengine पर इसे 99 फीसदी एआई निर्मित बताया गया।
Undetectable पर भी इसे एआई निर्मित बताया गया।

इस बारे में हमने दिल्ली में दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे शामिल नहीं हुए थे।

क्या है संदर्भ?

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत की एक टिप्पणी के बाद व्यंगात्मक अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ शुरू हुआ था। हालांकि, उन्होंने बाद में स्फाई देते हुए कहा था कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया था। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले 6 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-यूजी पेपर लीक समेत अन्य कई मामलों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए।

एआई निर्मित तस्वीर को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। वाराणसी के रहने वाले यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं और इनके 7,500 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे के शामिल होने का दावा गलत है। वायरल तस्वीर एआई निर्मित है। 


  • Claim Review : सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हजारे भी शामिल हुए।
  • Claimed By : Fb User- Dr Nripendra Narayan Singh
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!