गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ और दिल्ली में हुए हत्याकांड से संबंधित वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। पहला वीडियो चंडीगढ़ और दूसरा दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में हुई युवकों की हत्याओं से संबंधित हैं।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में कुछ लोगों को एक युवक को चाकू घोंपते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे वीडियो में शव के पास खड़े कई लोग दिख रहे हैं। यूजर्स इन्हें सूर्या हत्याकांड से संबंधित वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं। दूसरे वीडियो के आधार पर यह भी दावा किया जा रहा है कि एनकाउंटर में मारे गए सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के भाई ने बदला लेने की बात कही है।
विश्वास न्यूज ने दोनों वीडियो की जांच की तो पता चला कि इनका सूर्या हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। पहला वीडियो चंडीगढ़ में 12 मई 2026 को हुई एक युवक की हत्या का है, जबकि दूसरा वीडियो दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में हुई हत्या से संबंधित है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Raj Rauniyar’ ने 31 मई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सूर्या चौहान की घेर कर हत्या करने का भयानक दृश्य! अंतिम समय तक शेर की तरह लड़ता रहा ,मेरा खून खौल उठा देखकर..इन जिहादीयो का एक ही इलाज है योगी मॉडल।”

एक्स यूजर ‘सी. ए. अंकित गुप्ता’ ने 2 जून 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “17 साल के सूर्य चौहान की बकरीद के दिन चाकू मारकर हत्या करने वाला आतंकी असद के जनाजे पर सैकड़ों मुस्लिम जुटे, और असद का भाई धमकी दे रहा है – ‘बदला जरूर लूंगा।’”
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 13 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में वायरल क्लिप के साथ वारदात की अन्य क्लिप्स को भी देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में 12 मई को पांच युवकों ने घेरकर सूरज कुमार की हत्या कर दी। सूरज ड्यूटी से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने सूरज पर चाकू और किरच से हमला किया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का वीडियो बाद में वायरल हो गया

न्यूज 18 की वेबसाइट पर इस वारदात से जुड़ी रिपोर्ट को 13 मई 2026 को पब्लिश किया गया था। इसमें वीडियो के कीफ्रेम को भी अपलोड किया गया है। खबर के अनुसार, मामला चंडीगढ़ के दड़वा का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने सूरज की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 16 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में भी इस वारदात की तस्वीर को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, सूरज एक निजी कंपनी में काम करता था। पुरानी रंजिश इस हत्या की वजह बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में छह नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इस बारे में हमने चंडीगढ़ में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ सुमित सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो चंडीगढ़ में पुरानी रंजिश में हुए एक हत्याकांड का है। इस मामले में पुलिस ने छह नाबालिग आरोपियों को पकड़ा था।
इससे साबित होता है कि वायरल वीडियो चंडीगढ़ में हुए हत्याकांड का है।
चंडीगढ़ के वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यह यूजर कुशीनगर का रहने वाला है और इसके करीब 27 हजार फॉलोअर्स हैं।
दूसरा वीडियो
इसके बाद हमने दूसरे वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया, तो फेसबुक यूजर ‘Gulfam Saifi‘ की प्रोफाइल पर इस क्लिप का लंबा वर्जन मिला। इसे 21 मई 2026 को अपलोड किया गया था। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में अमान कुरैशी पेट्रोल पंप पर तेल लेने गया था, जहां उसे गोली मार दी गई। उसके भाई ने बदला लेने की बात कही थी।

यूट्यूब चैनल ‘BEBAAK HINDUSTAN’ पर 21 मई 2026 को अपलोड वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, वेलकम थाना क्षेत्र में 23 जनवरी 2026 को मौजपुर के एक कैफे में हुई फैजान की हत्या का आरोप मोइन कुरैशी पर लगा था। इसी रंजिश में फैजान के भाई पर मोइन के भाई अमान को गोलियां मारने का आरोप लगा है। इस गोलीबारी में अमान की मौत हो गई।
‘एएनआई’ के एक्स हैंडल से 20 मई को वीडियो पोस्ट कर अमानुल्लाह कुरैशी की हत्या से संबंधित जानकारी दी गई थी।
इससे साबित होता है कि दूसरा वीडियो दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में हुए अमानुल्लाह कुरैशी मर्डर केस से संबंधित है।
क्या है संदर्भ?
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 28 मई 2026 को सूर्या प्रताप चौहान की हत्या कर दी गई। इस मामले में असद, उसके पिता नवाब, फरहान, आतिफ, सारिफ और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगा था। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 2 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने 30-31 मई की रात मुख्य आरोपी व 50 हजार रुपये के इनामी असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। वहीं, नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर लिया गया था।
‘एबीपी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 2 जून 2026 को अपलोड वीडियो न्यूज में सूर्या पर हमले की क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें पांच-छह लोगों को एक युवक को पकड़े हुए देखा जा सकता है।
चंडीगढ़ के वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यह यूजर कुशीनगर का रहने वाले है और इसके करीब 27 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ और दिल्ली में हुए हत्याकांड से संबंधित वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। पहला वीडियो चंडीगढ़ और दूसरा दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में हुई युवकों की हत्याओं से संबंधित हैं।

- Claim Review : यह वीडियो गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का है।
- Claimed By : FB User- Raj Rauniyar
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें




















Leave a Reply