Advertisement

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के पुराने वीडियो को बिहार बीजेपी सरकार की आलोचना करने के नाम पर किया जा रहा वायरल Old Chirag Paswan Video Misleadingly Viral as Criticism of Bihar BJP Government

बिहार सरकार की आलोचना करते हुए चिराग पासवान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में चिराग पासवान का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। जुलाई 2025 में उन्होंने बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर नीतीश सरकार पर सवाल उठाए थे और अपनी नाराजगी जताई थी।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें बिहार सरकार की आलोचना करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि चिराग पासवान ने हाल ही में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में बनी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार की आलोचना की है और कहा है कि राज्य में अपराध पूरी तरह से बेलगाम हो चुका है। इतना ही नहीं, उन्होंने सरकार के साथ जुड़े होने पर अफसोस भी जताया है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में चिराग पासवान का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। जुलाई 2025 में उन्होंने बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर नीतीश सरकार पर सवाल उठाए थे और अपनी नाराजगी जताई थी।

क्या हो रहा है वायरल?

एक्स यूजर ‘Suresh Kapse’ ने 4 जून 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “अपनी ही सरकार के विरोध में उतरे चिराग पासवान!!”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्जन ‘First Bihar’ नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 26 जुलाई 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान ने नीतीश कुमार की सरकार को लेकर यह बयान दिया था। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर एक बार फिर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘एबीपी न्यूज’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 26 जुलाई 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर चिराग पासवान नाखुश थे। उन्होंने नीतीश सरकार में बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर कई बार अपनी नाराजगी जताई थी। साथ ही, उन्होंने बिहार पुलिस और प्रशासन को निकम्मा भी बताया था। 

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण बिहार के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि चिराग पासवान का वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना और नीतीश सरकार के दौरान का है। 

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2026 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। फिर जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी ने सम्राट चौधरी को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुना। 15 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। बिहार में विधानपरिषद की नौ सीटों पर 18 जून 2026 को मतदान होगा। इन सीटों को लेकर भी एनडीए में काफी हलचल देखने को मिल रही है। लोजपा (रामविलास) को विधान परिषद चुनाव के लिए एक सीट दी गई है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस एक्स यूजर को 22 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिहार सरकार की आलोचना करते हुए चिराग पासवान के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में चिराग पासवान का वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब एक साल पुराना है। जुलाई 2025 में उन्होंने बिहार में बढ़ते क्राइम को लेकर नीतीश सरकार पर सवाल उठाए थे और अपनी नाराजगी जताई थी।


  • Claim Review : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सम्राट चौधरी सरकार की आलोचना की है।
  • Claimed By : X User-Suresh Kapse
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!