Advertisement

गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का बताकर चंडीगढ़ मर्डर केस का वीडियो वायरल- Chandigarh Murder Video Falsely Shared as Ghaziabad Surya Murder Case

चंडीगढ़ में 12 मई 2026 को एक युवक की हत्या कर दी गई थी। उस वारदात के वीडियो को गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का बताकर शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोगों को एक युवक को चाकू घोंपते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो सूर्या हत्याकांड का है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो का सूर्या हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, यह चंडीगढ़ में 12 मई 2026 को हुई एक युवक की हत्या का वीडियो है। इस मामले में पुलिस ने छह नाबालिगों को गिरफ्तार किया था। 

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Raj Rauniyar’ ने 31 मई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सूर्या चौहान की घेर कर हत्या करने का भयानक दृश्य! अंतिम समय तक शेर की तरह लड़ता रहा ,मेरा खून खौल उठा देखकर..इन जिहादीयो का एक ही इलाज है योगी मॉडल।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 13 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में वायरल क्लिप के साथ वारदात की अन्य क्लिप्स को भी देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में 12 मई को सूरज कुमार की पांच युवकों ने घेरकर हत्या कर दी। सूरज ड्यूटी से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने सूरज पर चाकू और किरच से हमला किया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात का वीडियो वायरल हो गया है।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर इस वारदात से जुड़ी रिपोर्ट को 13 मई 2026 को पब्लिश किया गया था। इसमें वीडियो के कीफ्रेम को भी अपलोड किया गया है। खबर के अनुसार, मामला चंडीगढ़ के दड़वा का है, जहां पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने सूरज की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर 16 मई 2026 को छपी रिपोर्ट में भी इस वारदात की तस्वीर को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, सूरज एक निजी कंपनी में काम करता था। पुरानी रंजिश इस हत्या की वजह बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में छह नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इस बारे में हमने चंडीगढ़ में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ सुमित सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो चंडीगढ़ में पुरानी रंजिश में हुए एक हत्याकांड का है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा था।

क्या है संदर्भ?

गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 28 मई 2026 को सूर्या प्रताप चौहान की हत्या कर दी गई। इस मामले में असद, उसके पिता नवाब, फरहान, आतिफ, सारिफ और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगा था। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 2 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने 30-31 मई की रात मुख्य आरोपी व 50 हजार रुपये के इनामी असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। वहीं, नवाब, फरहान और आतिफ को गिरफ्तार कर लिया गया था।

‘एबीपी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 2 जून 2026 को अपलोड वीडियो न्यूज में सूर्या पर हमले की क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें पांच-छह लोगों को एक युवक को पकड़े हुए देखा जा सकता है।

चंडीगढ़ के वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित यह यूजर कुशीनगर का रहने वाले है और इसके करीब 27 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: चंडीगढ़ में 12 मई 2026 को एक युवक की हत्या कर दी गई थी। उस वारदात के वीडियो को गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का बताकर शेयर किया जा रहा है।


  • Claim Review : यह वीडियो गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का है।
  • Claimed By : FB User- Raj Rauniyar
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!