Advertisement

विस्फोट का यह वीडियो कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर ईरान के हमले का नहीं, माल्टा में हुए हादसे का है- Malta Blast Video Falsely Shared as Iran Attack on US Military Bases in Kuwait

पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के दौरान कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरानी मिसाइल के हमले का बताकर यूरो​पीय देश माल्टा में हुए हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले करने के दावे किए हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें धमाकों के बाद उठती आग और धुएं के गुबार को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमले का है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो यूरो​पीय देश माल्टा की पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके का है। इसका पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के हमले के जवाब में उसके सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया है। वहीं, अमेरिका ने दावा किया कि उसने कई ईरानी मिसाइलों और ड्रोन के हमलों को नाकाम कर दिया।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘nitesh_nova’ ने 2 जून 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “ईरान ने कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों (विशेषकर अली अल-सलेम एयरबेस) पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन से हमले किए है। यह कार्रवाई अमेरिकी सेना द्वारा ईरानी ठिकानों पर की गई बमबारी के जवाब में की गई है, जिसके बाद से खाड़ी क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। ‘फ्रांस 24’ के यूट्यूब चैनल पर 1 जून 2026 को वायरल वीडियो से संबंधित न्यूज पोस्ट की गई थी। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को भी देखा जा सकता है। इसके अनुसार, माल्टा में एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाके हुए। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए थे। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।

ऑस्ट्रेलिया के ’10 न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल क्लिप से संबंधित वीडियो न्यूज देखी जा सकती है। 2 जून 2026 को पोस्ट की गई इस न्यूज में भी वीडियो क्लिप को माल्टा में हुए हादसे का बताया गया है।

माल्टा की न्यूज वेबसाइट ‘Times of Malta’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर 1 जून 2026 को वायरल क्लिप को पोस्ट करते हुए जानकारी दी गई कि सुबह सलीना इलाके में पटाखों की एक फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। इसके बाद फैक्ट्री में कई छोटे धमाके हुए।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह माल्टा में हुए हादसे का वीडियो है।

क्या है संदर्भ?

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी 2026 को युद्ध शुरू हुआ था। 8 अप्रैल को अस्थायी तौर पर युद्धविराम का एलान हुआ था। इसके बाद भी पश्चिम एशिया में तनाव जारी है। बीबीसी की 3 जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट और एक अमेरिकी सैन्य अड्डे को निशाना बनाने का दावा किया। ईरान के टेलीकॉम एंटीना और तेल टैंकर पर अमेरिका के हमले के बाद यह जवाबी कार्रवाई की गई। वहीं, अमेरिका ने कहा कि उसने ईरान की तरफ जा रहे खाली तेल टैंकर को निशाना बनाया था। हालांकि, उसने फिफ्थ फ्लीट पर हमले के दावे को नकार दिया। अमेरिका ने यह भी कहा कि ईरान ने कुवैत और बहरीन में कुछ नाकाम हमले किए। इन हमलों में शामिल मिसाइलों को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। अमेरिका ने ‘ईरानी हमले के प्रयासों’ के जवाब में केश्म द्वीप पर हमले किए हैं।

वायरल वीडियो को कुवैत में ईरानी हमले का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मार्च 2026 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के चार हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के दौरान कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरानी मिसाइल के हमले का बताकर यूरो​पीय देश माल्टा में हुए हादसे का वीडियो वायरल हो रहा है।


  • Claim Review : यह वीडियो कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमले का है।
  • Claimed By : Insta User- nitesh_nova
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!