Advertisement

डीके शिवकुमार होंगे सीएम – Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बेंगलुरू। डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उनको शनिवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि शिवकुमार तीन जून को लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ पूरा मंत्रिमंडल शपथ लेगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया की सरकार के कुछ मंत्रियों को हटाया जा सकता है। यह भी बताया जा रहा है कि दो से ज्यादा उप मुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं। सिद्धारमैया की सरकार में शिवकुमार अकेले डिप्टी सीएम थे।

बहरहाल, शिवकुमार राज्य के 24वें मुख्यमंत्री बनेंगे। बेंगलुरु में शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने उनके नाम प्रस्ताव रखा। गौरतलब है कि सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि शपथ ग्रहण तीन जून को लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में होगा। गौरतलब है कि डीके शिवकुमार ज्योतिष को बहुत मानते हैं। सो, वे ज्योतिष के हिसाब से शुभ मुहूर्त में शपथ लेंगे।

बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया सरकार में शामिल 10 मंत्री हटाए जा सकते हैं। गौरतलब है कि डीके शिवकुमार का दावा था कि मई 2018 में सरकार बनने पर उनसे वादा किया गया था कि ढाई साल के बाद उनको सीएम बनाया जाएगा। हालांकि ढाई साल पूरे होने पर सिद्धारमैया ने पद नहीं छोड़ा, बल्कि दावा किया कि वे पूरे पांच साल तक सीएम रहेंगे। लेकिन सरकार के तीन साल पूरे होने के तुरंत बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

बहरहाल, शनिवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला मौजूद थे। बैठक में सिद्धारमैया ने खुद डीके शिवकुमार का नाम विधायक दल के नए नेता के तौर पर पेश किया। गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने प्रस्ताव का समर्थन किया। फिर सभी विधायकों ने एक मत से इसका समर्थन किया। इसके बाद शिवकुमार ने एक प्रस्ताव रखकर सिद्धारमैया का शुक्रिया अदा किया।

कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार देश के सबसे अमीर नेताओं में हैं। उनके पास 1,413 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। वह रियल एस्टेट, खनन, होटल कारोबारी भी हैं। उनके खिलाफ धन शोधन के मामले में ईडी ने कार्रवाई की थी और उनको गिरफ्तार भी किया था। वे दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद थे और तब सोनिया गांधी उनसे मिलने जेल गई थीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!