पीएम मोदी के मेकअप करवाने के नाम पर वायरल हो रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2016 का है। तब मैडम तुसाद म्यूजियम में पीएम मोदी का स्टैच्यू लगाया जाना था। उसी स्टैच्यू के लिए माप लेने के लिए आर्टिस्ट और एक्सपर्ट्स की टीम प्रधानमंत्री आवास पहुंची थी।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल बचाते हुए एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी, ताकि देश के विदेशी मुद्रा भंडार को बचाया जा सके। अब सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि एक टीम उनका मेकअप करती है। वीडियो के बहाने पीएम मोदी पर निशाना साधा जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2016 का है। तब मैडम तुसाद म्यूजियम में पीएम मोदी का स्टैच्यू लगाया जाना था। उस स्टैच्यू के लिए माप लेने के लिए आर्टिस्ट और एक्सपर्ट्स की टीम प्रधानमंत्री आवास पहुंची थी। सोशल मीडिया पर यह भ्रामक दावा कई सालों से वायरल है। पहले भी हम इस दावे का फैक्ट चेक कर सच्चाई सामने रख चुके हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर ‘Adv Shubham’ ने 27 मई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “कुछ ऐसे सजाया जाता है… मोदी जी को।”
वीडियो पर लिखा हुआ है, “ऐसे सजाया जाता है मोदी को पूरी टीम सजाने संवारने में लगी रहती है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
यह वीडियो इसी दावे के साथ 2019 से वायरल है। इसके बाद 2021, 2022, 2023 और 2024 में भी यह वीडियो काफी वायरल हुआ था। हमने इस भ्रामक दावे की पड़ताल कर हमेशा सच्चाई सामने रखी है।
वायरल वीडियो हमें ‘Madame Tussauds London’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला था। इस वीडियो को 16 मार्च 2016 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो मैडम तुसाद के म्यूजियम में पीएम मोदी के स्टैच्यू लगाने का है। स्टैच्यू बनाने के लिए मैडम तुसाद की एक्सपर्ट टीम दिल्ली में पीएम आवास पहुंची थी।
हमने वायरल दावे को लेकर बीजेपी के प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से बातचीत की। उन्होंने हमें बताया कि यह दावा गलत और बेबुनियाद है। कई राजनीतिक दल पीएम की छवि खराब करने के लिए इस वीडियो को बार-बार वायरल करते रहते हैं। यह वीडियो मेकअप करवाने का नहीं, बल्कि मैडम तुसाद म्यूजियम के स्टैच्यू के लिए माप देने का है।
क्या है संदर्भ?
पीएम मोदी ने 10 मई 2026 को तेलंगामा में एक जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी तनाव को मद्देनजर रखते हुए देशवासियों से कई अपील की थीं। उन्होंने कहा, ”सोने की खरीद एक ऐसा क्षेत्र है, जहां विदेशी मुद्रा का व्यापक रूप से उपयोग होता है। राष्ट्रीय हित में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम एक वर्ष तक सोने की खरीद नहीं करेंगे, चाहे हमारे घर में कितने ही कार्यक्रम क्यों न हों। मैं लोगों से अपील करूंगा कि वो एक साल तक शादियों के लिए सोना न खरीदें।” इसके अलावा उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बचत करने की भी बात कही थी। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को सौ से अधिक लोग एक्स पर फॉलो करते हैं। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पीएम मोदी के मेकअप करवाने के नाम पर वायरल हो रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2016 का है। तब मैडम तुसाद म्यूजियम में पीएम मोदी का स्टैच्यू लगाया जाना था। उसी स्टैच्यू के लिए माप लेने के लिए आर्टिस्ट और एक्सपर्ट्स की टीम प्रधानमंत्री आवास पहुंची थी।

- Claim Review : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेकअप का वीडियो।
- Claimed By : FB User ‘Adv Shubham
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें




















Leave a Reply