Advertisement

गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर नहीं उठाया सवाल, राहुल गांधी को लेकर दिया था बयान- Ravi Kishan Comment on Rahul Gandhi Shared With False PM Modi Foreign Visit

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। सांसद रवि किशन ने वायरल बयान पीएम मोदी को लेकर नहीं दिया था। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर वायरल बयान दिया था। जिसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गोरखपुर के लोकसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रवि किशन का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया जा रहा है। वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सांसद रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए वायरल बयान दिया है। इस दावे को सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने विस्तार से वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। जांच में पता चला कि सांसद रवि किशन ने पीएम मोदी नहीं, बल्कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर वायरल बयान दिया था। इसे अब पीएम मोदी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर जानबूझकर फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Shagufa Anha’ ने 24 मई 2026 को रवि किशन के बयान वाले वीडियो को पीएम मोदी के एक वीडियो के साथ कोलाज में शेयर किया। साथ में लिखा, ”रवि किशन ने बताया मोदी जी को विदेश में मन लगता है।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स भी वायरल पोस्ट को फर्जी दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। वायरल पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वायरल वीडियो को ध्यान से सुना। इससे यह तो साफ हो गया कि भाजपा का कोई सांसद अपनी ही पार्टी के नेता को लेकर ऐसा बयान शायद ही दे। इसलिए हमें पोस्ट के फर्जी होने का अंदेशा हुआ।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो के कुछ ग्रैब्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें रवि किशन के एक्स हैंडल पर वायरल बयान मिला। 23 मई 2026 को इसे शेयर करते हुए लिखा गया, ”कांग्रेस को अब अपने युवराज राहुल गांधी को आजाद कर देना चाहिए।”

वायरल वीडियो का बड़ा वर्जन हमें ‘एशिया नेट न्यूज हिंदी’ के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 13 मई 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो के 4:42 मिनट की टाइमलाइन पर पत्रकार को यह प्रश्न पूछते हुए सुना जा सकता है कि राहुल गांधी ने सीबीआई डायरेक्टर के चयन से खुद को अलग कर लिया है। इसके बाद रवि किशन कहते हैं, “अब देखिए उनको घूमना है, विदेश यात्रा में उनको आनंद आता है। हर 10-15 दिन में एक हफ्ता, चार दिन… पार्लियामेंट में भी आते हैं पांच मिनट, तो उनको घबराहट होती है। तो उनको जाने दो, उनको आजाद रहने दो, आजाद पक्षी हैं। उन्हें कोई भी बोझा मत दीजिए, उनके सिर। वह टेंशन में आ जाते हैं। अच्छा है कि उन्होंने खुद को मुक्त किया है। वह एक आजाद परिंदा हैं। उनको आप लोग क्यों परेशान करते हैं।”

सर्च के दौरान हमें असली वीडियो ‘एएनआई’ के फेसबुक पेज पर भी मिला। 13 मई 2026 को अपलोड इस वीडियो में 4 मिनट 42 सेकंड के बाद रिपोर्टर राहुल गांधी को लेकर सवाल करता है। इसके बाद रवि किशन वायरल वीडियो वाला बयान देते हैं।

हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया कि रवि किशन ने वायरल वीडियो वाला बयान पीएम मोदी को लेकर नहीं, बल्कि राहुल गांधी को लेकर दिया था।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच के दौरान सांसद रवि किशन के निजी सचिव पवन दूबे से संपर्क किया। उन्होंने विश्वास न्यूज को बताया कि वायरल दावा गलत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर नहीं, बल्कि राहुल गांधी के विषय में पूछे गए प्रश्न के जवाब में वायरल वीडियो वाली बात कही थी। इसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है संदर्भ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 मई 2026 को हैदराबाद में एक जनसभा के दौरान देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने और खाने का तेल कम इस्तेमाल करने की अपील की थी। इसके पीछे तर्क यह दिया गया था कि इनके आयात से विदेशी मुद्रा खर्च होती है। इसके बाद से देश में कई बार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में इजाफा किया जा चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई 2026 के बीच संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की यात्रा पर गए थे।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाली यूजर की जांच की गई। ‘Shagufa Anha’ नाम की इस फेसबुक यूजर को नौ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट मार्च 2014 में बनाया गया था। प्रोफाइल के अनुसार, यूजर बिहार के गया की रहने वाली है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। सांसद रवि किशन ने वायरल बयान पीएम मोदी को लेकर नहीं दिया था। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को लेकर वायरल बयान दिया था, जिसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।


  • Claim Review : रवि किशन ने पीएम मोदी के खिलाफ दिया बयान।
  • Claimed By : FB User Shagufa Anha
  • Fact Check : भ्रामक




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!