Advertisement

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़: पलामू में सड़कों पर उतरी भाजपा, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

उत्पाद सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में आक्रोश; छह मुहान चौक पर भाजयुमो का जोरदार प्रदर्शन

मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड में परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा ‘उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा’ पेपर लीक मामले ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है। रविवार को मेदिनीनगर के व्यस्त छह मुहान चौक पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।

​भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. विपुल गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान ‘युवाओं का भविष्य बेचना बंद करो’ और ‘भ्रष्ट सरकार गद्दी छोड़ो’ जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों पर डाका: अमित तिवारी

​प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने राज्य सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

​”लगातार हो रहे पेपर लीक ने यह प्रमाणित कर दिया है कि सरकार परीक्षा व्यवस्था संभालने में पूरी तरह अक्षम है। यह केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों पर संगठित तरीके से डाला गया डाका है। प्रदेश में हर परीक्षा अब एक मजाक बनकर रह गई है।”

 

विश्वास की हत्या है पेपर लीक: डॉ. विपुल गुप्ता

​भाजयुमो जिलाध्यक्ष डॉ. विपुल गुप्ता ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल प्रश्नपत्र का लीक होना नहीं है, बल्कि लाखों युवाओं के भरोसे की हत्या है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की भर्ती प्रक्रिया ही संदेह के घेरे में हो, वहां सरकार के अस्तित्व का कोई नैतिक आधार नहीं बचता।

सरकार की पहचान बन चुका है ‘पेपर लीक’: अविनाश वर्मा

​प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अविनाश वर्मा ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब ‘पेपर लीक’ झारखंड सरकार की पहचान बन चुका है। रोजगार के नाम पर युवाओं को केवल छल मिला है। उन्होंने कहा, “हर लीक हुआ पेपर सरकार की नियोजन व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। युवाओं का भविष्य बेचने वाली इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।”

प्रमुख मांगें और उपस्थित नेता

​भाजपा नेताओं ने स्वर में मांग की है कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए, ताकि पर्दे के पीछे बैठे असली दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:

जिला महामंत्री ज्योति पाण्डेय, प्रदेश मंत्री (युवा मोर्चा) विश्वजीत पाठक, राजीव रंजन, जिला उपाध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, सोमेश सिंह, श्रवण गुप्ता, छोटू सिन्हा, पप्पू गुप्ता, शैलेश सिंह, राजकुमार बर्मन, मनोज विश्वकर्मा, राजेश गुप्ता, चंद्रकांत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!