Advertisement

पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ के बाद कुख्यात फैज खान गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

मेदिनीनगर : पलामू जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक सफलता हासिल की है। मेदिनीनगर के चर्चित गुड्डू खलीफा हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपी और कुख्यात अपराधी फैज खान को पुलिस ने एक भीषण मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फैज खान के पैर में दो गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे और उसके एक सहयोगी को हिरासत में ले लिया गया।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

​जानकारी के अनुसार, पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी फैज खान अपने एक सहयोगी के साथ बिहार भागने की फिराक में था । सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) रीश्मा रमेशन के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पांकी क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया और अमानत नदी के समीप अपराधियों की घेराबंदी की गई।

​मुठभेड़ की स्थिति उस वक्त उत्पन्न हुई जब अमानत नदी पार कर रहा था तुरंत पुलिस बल ने फैज खान को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। खुद को घिरा देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में फैज खान के पैर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर अमानत नदी के बालू पर गिर पड़ा।

​”अपराधियों के विरुद्ध हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।” — पुलिस अधीक्षक , पलामू

 

सहयोगी ने डाले हथियार, पिस्तौल बरामद

​मुख्य आरोपी के घायल होते ही मौके पर मौजूद उसके सहयोगी ने हौसला खो दिया और पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। पुलिस ने घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस फिलहाल पकड़े गए सहयोगी से गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और मददगारों का सुराग लगाया जा सके।

MMCH में चल रहा है इलाज

​घायल फैज खान को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच पहले प्राथमिक उपचार केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) रेफर कर दिया गया है। अस्पताल परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो।

जनता में सुरक्षा का भाव

​गुड्डू खलीफा हत्याकांड के बाद से ही शहर में तनाव का माहौल था। फैज खान की इस गिरफ्तारी से स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है और पलामू पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से संगठित अपराध पर लगाम लगेगी और अपराधियों में खौफ पैदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!