Advertisement

पलामू: निजी आवासीय स्कूल की सुरक्षा में बड़ी चूक, रात में भागे चार छात्र; शिक्षा विभाग ने कहा- ‘अवैध है संस्थान, होगी FIR’

​पलामू : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी आवासीय स्कूल की घोर लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार की देर रात ‘ज्ञान गंगा आवासीय स्कूल’ से चार नाबालिग छात्र-छात्राएं परिसर से फरार हो गए। गनीमत रही कि रास्ते में ग्रामीणों की नजर इन बच्चों पर पड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को सकुशल बरामद कर लिया। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

​मध्य रात्रि में 35 किमी पैदल ही निकल पड़े थे छात्र

​जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले दो सगे भाई-बहन और एक अन्य परिवार के दो सगे भाई-बहन बुधवार रात करीब 12 बजे स्कूल से बाहर निकल गए थे। ये चारों बच्चे मनातू थाना क्षेत्र के मझौली और डुमरी गांव के रहने वाले हैं, जो स्कूल से करीब 35 किलोमीटर दूर है। यह पूरा इलाका घने जंगलों से घिरा और नक्सल प्रभावित माना जाता है। ग्रामीणों की सूचना पर तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में बच्चों का रेस्क्यू किया गया और गुरुवार को अभिभावकों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।

​जांच में खुलासा: बिना मान्यता के चल रहा था स्कूल

​मामले की गंभीरता को देखते हुए तरहसी के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) परमेश्वर साहू ने स्पष्ट किया है कि यह संस्थान पूरी तरह अवैध है। ऑडियो वार्ता के अनुसार, उनके मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

  • ​फर्जी संचालन: यह स्कूल हाल ही में खुला था और शिक्षा विभाग से इसे कोई मान्यता प्राप्त नहीं थी।
  • ​सुरक्षा मानकों का अभाव: स्कूल में रात के समय कोई नाइट गार्ड तैनात नहीं था, जिससे बच्चे आसानी से बाहर निकल गए।
  • ​प्रबंधन की जिम्मेदारी: BEEO ने कहा कि जब आवासीय व्यवस्था (Residential) चलाने की क्षमता या अनुमति नहीं थी, तो बच्चों को वहां रखना प्रबंधन की बड़ी गलती है।

​कार्रवाई के डर से संचालक फरार, दर्ज होगी FIR

​घटना के बाद से स्कूल संचालक संस्थान में ताला जड़कर एवं स्कूल का नेमबोर्ड ( पोस्टर )हटाकर  फरार हो गया है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने स्कूल प्रभारी को पक्ष रखने के लिए बुलाया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ।

​”यह स्कूल बिना पंजीकरण के फर्जी तौर पर चलाया जा रहा था। बच्चों के साथ हुई इस घटना के लिए विद्यालय प्रबंधन पूर्णतः दोषी है। शनिवार को मामले की विस्तृत जांच के उपरांत संचालक के विरुद्ध FIR दर्ज कराई जाएगी। पुलिस और विभाग अब मकान मालिक के माध्यम से संचालक का विवरण जुटा रहे हैं।”

— परमेश्वर साहू, BEEO, तरहसी

​”ग्रामीणों की सूचना पर तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में चारों बच्चों का सफल रेस्क्यू किया गया है। इस मामले में पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने भी इस घटना की पुष्टि की है कि पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।

— रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!