Advertisement

मेदिनीनगर: रामनवमी को लेकर पुलिस सख्त, प्रशासन ने निकाला फ्लैग मार्च; अमन-चैन का दिया संदेश

​मेदिनीनगर (पलामू): पलामू जिले में आगामी रामनवमी के त्यौहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में सोमवार को मेदिनीनगर शहर थाना के नेतृत्व में एक व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा ने की, जिसमें प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल हुए।

​शहर के मुख्य मार्गों से गुजरा पुलिस का काफिला

​फ्लैग मार्च की शुरुआत शहर थाना परिसर से हुई। पुलिस का यह काफिला हॉस्पिटल चौक, कनीराम चौक, लालकोठा, तेलीपट्टी, मुस्लिमनगर, सिवाल रोड, नवाटोली, कुजरापाती और बेलवाटीकर होते हुए सादिक चौक पहुंचा और वापस थाना परिसर में संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास कराया।

​अफवाहों पर ध्यान न दें: एसडीओ

​सदर एसडीओ सुलोचना मीणा ने इस दौरान नागरिकों से संवाद स्थापित किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा, “रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार के दौरान प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हम तैयार हैं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे आपसी भाईचारा कायम रखें और किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।”

​अतिरिक्त सुरक्षा बल की होगी तैनाती

​सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) राजीव रंजन ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि पर्व के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों और गश्ती दलों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।

​शांति ही प्रशासन की प्राथमिकता

​फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्यौहार के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उपद्रवियों पर सख्त नजर रखी जाएगी ताकि आम लोग बिना किसी भय के हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मना सकें।

​इस फ्लैग मार्च में एसडीपीओ राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, तीनों टीओपी प्रभारी और सैकड़ों की संख्या में पुलिस के जवान व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!