Advertisement

होलिका दहन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी के वीडियो को तरुण हत्याकांड से जोड़कर किया जा रहा वायरल Viral Video of CM Yogi at Holika Dahan Mislinked to Delhi Tarun Murder Case

सीएम योगी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रहे वीडियो का तरुण खटीक हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो गोरखपुर में हुए होलिका दहन कार्यक्रम का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में द्वारका के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन गुब्बारे के छींटे पड़ने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में तरुण खटीक नामक एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसी हत्याकांड से जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम योगी गोरखपुर के लोकसभा सांसद रवि किशन के साथ कहीं चलते हुए जा रहे हैं और लोग उन पर फूल बरसा  रहे हैं। इस पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सीएम योगी तरुण के परिवार से मिलने के लिए उसके घर पहुंचे हैं। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रहे वीडियो का तरुण खटीक हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो गोरखपुर में हुए होलिका दहन कार्यक्रम का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘तेरा यार कश्यप’ ने 10 मार्च 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ”तरूण भाई को इंसाफ दिलाने के लिए आगे आये माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘राज कुमार वर्मा’ नाम के फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 3 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो गोरखपुर में हुए होलिका दहन उत्सव का है। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Local News Gorakhpur’ के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 2 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “Gorakhpur/श्री श्री होलिका दहन उत्सव समिति पांडेयहाता द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामिल होकर फूलों और गुलाल की होली खेली। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और पूरे क्षेत्र में रंग, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया।”

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी तस्वीरें गोरखपुर के लोकसभा सांसद रवि किशन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिलीं। तस्वीरों को 2 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, तस्वीरें गोरखपुर में हुए होलिका दहन उत्सव की हैं।

गोरखपुर में हुए इस होलिका दहन कार्यक्रम का वीडियो हमें सीएम योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड हुआ मिला। वीडियो को 2 मार्च 2026 को शेयर किया गया था।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण गोरखपुर के संवाददाता अशुतोष मिश्रा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो गोरखपुर में हुए होलिका दहन कार्यक्रम का है। 

क्या है संदर्भ?

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 11 मार्च 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “होली के दिन 4 मार्च को उत्तम नगर, हस्तसाल के जेजे कॉलोनी में पानी के गुब्बारे गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने मिलकर होली की रात में 26 वर्षीय तरुण पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था और आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 14 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने फेसबुक प्रोफाइल में खुद को दिल्ली का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सीएम योगी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल हो रहे वीडियो का तरुण खटीक हत्याकांड से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो गोरखपुर में हुए होलिका दहन कार्यक्रम का है, जिसे अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।


  • Claim Review : दिल्ली में तरुण के परिवार से मिलने पहुंचे सीएम योगी।
  • Claimed By : FB User तेरा यार कश्यप
  • Fact Check : झूठ




पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!