Advertisement

Fact Check: ईरान के खिलाफ इजरायल-अमेरिका का समर्थन करते राजनाथ सिंह का यह वीडियो डीपफेक है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का वायरल वीडियो डीपफेक है। उन्होंने ईरान के खिलाफ या इजरायल के समर्थन में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मूल वीडियो सिंधी समाज के एक कार्यक्रम का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ईरान के खिलाफ इजरायली-अमेरिकी हमलों का राजनाथ सिंह खुला समर्थन कर रहे हैं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध शुरू होने से पहले इजरायल का दौरा किया था और तेहरान (ईरान) को चेतावनी दी थी कि शांति भंग करने के गंभीर परिणाम होंगे।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो डीपफेक है। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ईरान या इजरायल-अमेरिका युद्ध को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मूल वीडियो दिल्ली में आयोजित उनके एक कार्यक्रम का है, जिसे छेड़छाड़ करके बदला गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Sheikh Sadeque Ali’ (Archive) ने 2 मार्च 2026 को इस वीडियो को शेयर किया। वीडियो के कैप्शन में लिखा, “भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ईरान के खिलाफ इजरायल के हमले का समर्थन कर रहे हैं। इससे साफ हो गया है कि भारत मुसलमानों की हत्या के पक्ष में है।”

वायरल वीडियो में राजनाथ सिंह को अंग्रेजी में यह कहते सुना जा सकता है, “प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा के बाद ईरान पर हमला, भारत की अपने रणनीतिक साझेदार के साथ एकजुटता को दर्शाता है… उन्होंने तेहरान को चेतावनी दी थी कि शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों के क्षेत्रीय शांति के लिए गंभीर परिणाम होंगे।”

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड्स के जरिए गूगल सर्च किया। हमें ऐसी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट या सरकारी विज्ञप्ति नहीं मिली, जिससे यह साबित हो सके कि रक्षा मंत्री ने ईरान के खिलाफ या इजरायल के समर्थन में इस तरह का विवादास्पद बयान दिया हो।

इसके बाद, हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच में हमें मूल वीडियो राजनाथ सिंह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। यह वीडियो 23 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया था। राजनाथ सिंह उस समय दिल्ली में आयोजित ‘सिंधी समाज सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। अपने भाषण में वह सिंधी संस्कृति और विभाजन के इतिहास पर चर्चा कर रहे थे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इजरायल, ईरान या मध्य पूर्व के किसी भी संघर्ष का जिक्र तक नहीं किया था।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस और हिन्दुस्तान टाइम्स की 23 नवंबर 2025 की न्यूज रिपोर्ट्स में भी राजनाथ सिंह के इस संबोधन के डिटेल हैं।

इस वायरल वीडियो में होठों की हलचल और आवाज के बीच तकनीकी विसंगतियां (Lip-sync discrepancies) भी देखी जा सकती हैं, जो इसके AI-जनरेटेड होने की प्रबल संभावना जताती हैं।

जांचने के लिए हमने कई एआई डिटेक्टर टूल्स का सहारा लिया।

‘Hive Moderation’ टूल ने वीडियो को 99% एआई-जनरेटेड बताया।

‘AuRigin AI’ टूल ने पुष्टि की कि वीडियो में इस्तेमाल की गई आवाज एआई से तैयार की गई है।

‘Truth Scan’ टूल ने भी ऑडियो विश्लेषण में पाया कि राजनाथ सिंह की आवाज को ‘क्लोन’ किया गया है।

विश्वास न्यूज ने एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ अजहर माचवे से भी संपर्क किया। उन्होंने वीडियो का गहन विश्लेषण करने के बाद बताया, “वीडियो में होठों की हलचल (Lip-sync) और बोले जा रहे शब्दों के बीच स्पष्ट अंतर है। आवाज में वह स्वाभाविक उतार-चढ़ाव नहीं है, जो वास्तविक भाषण में होता है। यह एक क्लासिक डीपफेक का उदाहरण है।”

फर्जी दावा साझा करने वाले यूजर ‘Sheikh Sadeque Ali’ के फेसबुक पर लगभग 11,000 फॉलोअर्स हैं।


निष्कर्ष:


विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट हुआ कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का वायरल वीडियो डीपफेक है। उन्होंने ईरान के खिलाफ या इजरायल के समर्थन में ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। मूल वीडियो सिंधी समाज के एक कार्यक्रम का है।




Our Sources

  1. Rajnath Singh Official YouTube, Sindhi Samaj Sammelan, dated Nov 23, 2025.
  2. News report by The New Indian Express, dated Nov 23, 2025.
  3. News report by Hindustan Times, dated Nov 23, 2025.
  4. AI Detector Tool: Hive Moderation
  5. AI Detector Tool: TruthScan
  6. AI Detector Tool: AuRigin AI

पूरा सच जानें… किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं…















टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2026. All right reserved. Loktantra TV News Website Design by E- MEDIA Web & App - 7999906109
error: Content is protected !!