मेदिनीनगर : झारखंड के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सामाजिक एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में समाज में आपसी समरसता और भाईचारा बनाए रखना अनिवार्य हो गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जहाँ विधायिका के भीतर विकास के मुद्दों पर विमर्श होना चाहिए, वहाँ अनर्गल और गैर-जरूरी बातों का प्रवेश हो गया है, जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।
श्री किशोर रविवार को नीलांबर-पितांबरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित लेस्लीगंज मध्य विद्यालय के परिसर में सनातन धर्म सभा द्वारा आयोजित भव्य ‘होली मिलन समारोह’ को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
“मिट्टी का लाल हूँ, जनता के साथ खड़ा मिलूँगा”
अपने संबोधन के दौरान भावुक होते हुए मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा, “मैं इसी लेस्लीगंज की मिट्टी का लाल हूँ। यहाँ की मिट्टी का तिलक लगाकर मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि जिस प्रकार होली का यह मंच विभिन्न रंगों के मिलन का साक्षी है, उसी प्रकार हम समाज में समरसता को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।” उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनकी जरूरत के समय वे सदैव तत्पर और साथ खड़े मिलेंगे।
युवा नेतृत्व ने दोहराया विकास का संकल्प
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित युवा नेता प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा विकास कार्य रही है। उन्होंने होली की शुभकामनाओं के साथ जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि लोगों का जो प्रेम उन्हें मिला है, उसे वे सेवा के माध्यम से बरकरार रखेंगे।
वहीं, युवा नेता वरुण तिवारी ने सनातन धर्म के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा धर्म ‘विश्व कल्याण’ की बात करता है। सामूहिक प्रयासों से एक ऐसा परिवेश बनाना है जहाँ प्रत्येक व्यक्ति के स्वाभिमान की रक्षा हो सके। युवा नेता रुद्र शुक्ला ने भी आयोजन की सराहना करते हुए सभी को रंगों के त्योहार की बधाई दी।
महापुरुषों को नमन और पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री श्री किशोर ने बाबा चौहरमल, रामविलास पासवान और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने हनुमान जी के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुति और भव्य स्वागत
लेस्लीगंज मध्य विद्यालय परिवार ने मंत्री का भव्य स्वागत किया, वहीं जेएसपीएस (JSPS) से जुड़ी महिलाओं ने उन्हें हर्बल गुलाल भेंट कर अभिनंदन किया। सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। सांस्कृतिक संध्या में शिशिर शुक्ला की टीम ने पारंपरिक होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणमान्य अतिथियों का सम्मान
मंच पर मंत्री के साथ-साथ संयोजक लव मेहता, ‘हम’ पार्टी के जिलाध्यक्ष आशुतोष तिवारी, चंडीगढ़ आप पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी, वरुण जायसवाल और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तारकेश्वर पासवान सहित कई दिग्गजों को बुके और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रमुख उपस्थिति:
इस अवसर पर बलकेश पासवान, रामप्रकाश तिवारी, राजू गुप्ता, मुनेंद्र नाथ दुबे, मीडिया प्रभारी चंदन दुबे, आनंद सिंह, राजन सिंह, और प्रधानाध्यापक अरविंद राम सहित भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और सनातन धर्म सभा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।













Leave a Reply